Uttar Pradesh : हापुड़ में रेलवे लाइन के पास पेड़ से लटका मिला शव, शिनाख्त के प्रयास जारी

Hapur : जनपद हापुड़ में थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव हबिसपुर बिगास से गजालपुर जाने वाले रास्ते पर रेलवे लाइन के पास मंगलवार सुबह एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। शव काफी पुराना होने के कारण सड़ चुका था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सुबह जब कुछ लोग इस रास्ते से गुजर रहे थे तो उन्होंने रेलवे लाइन के पास एक पेड़ पर फांसी के फंदे से शव को लटका देखा। इसे देखते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रवीन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए।
थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। शव करीब 3 से 4 दिन पुराना लग रहा है, जिसके कारण वह काफी सड़ चुका था और उसकी हालत बेहद खराब हो चुकी थी। आसपास के लोगों की मदद से मृतक की पहचान कराने की कोशिश की गई, लेकिन फिलहाल सफलता नहीं मिली है। प्राथमिक दृष्टि में मामला आत्महत्या का लग रहा है, फिर भी पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।





