राज्यउत्तर प्रदेश

Noida Heatwave: नोएडा में अगले 5 दिन बढ़ेगी भीषण गर्मी, 44 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान

Noida Heatwave: नोएडा में अगले 5 दिन बढ़ेगी भीषण गर्मी, 44 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान

नोएडा। शहरवासियों को आने वाले दिनों में एक बार फिर भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 7 जून से 11 जून तक तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि हवा में नमी की मात्रा बढ़ने से उमस भी लोगों की परेशानी बढ़ाएगी। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 9 जून तक अधिकतम तापमान लगभग 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि 11 जून को यह बढ़कर 44 डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान है। इसके साथ ही वातावरण में लगभग 70 प्रतिशत तक नमी रहने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी के साथ-साथ उमस का भी सामना करना पड़ेगा। हालांकि शनिवार को मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिल सकता है। दोपहर बाद बादल छाने, तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। इस दिन अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसका असर रात के समय भी महसूस होगा और देर रात तक गर्मी बनी रह सकती है। अनुमान है कि रात 12 बजे के आसपास भी तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल कोई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत को प्रभावित नहीं कर रहा है। इसी कारण आसमान अधिकांश समय साफ रहेगा और तेज धूप के कारण गर्मी में वृद्धि होगी। मौसम विभाग की ओर से फिलहाल किसी विशेष चेतावनी की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, शरीर को हाइड्रेट रखने और दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। बुजुर्गों, बच्चों और गर्भवती महिलाओं को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button