Dadri Dog Attack: पालतू कुत्ते से बचने के प्रयास में दूसरी मंजिल से गिरे श्रमिक की मौत, पुलिस जांच में जुटी
ग्रेटर नोएडा के दादरी स्थित एस्कॉर्ट कॉलोनी में एक मकान में काम कर रहे श्रमिक की दूसरी मंजिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल होने के बाद मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर मकान में मौजूद मालिक के पालतू कुत्ते ने श्रमिक पर हमला कर दिया था। खुद को बचाने के प्रयास में श्रमिक का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़े। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शुक्रवार रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान बिहार के सहरसा जिले के भटौना गांव निवासी रघुवीर सिंह के रूप में हुई है। वह दादरी की दौलत राम कॉलोनी में रह रहे थे और 14 अक्टूबर को एस्कॉर्ट कॉलोनी स्थित एक मकान में मिस्त्री के साथ काम कर रहे थे। इसी दौरान मकान में मौजूद पालतू कुत्ते ने उन पर झपट्टा मार दिया। आरोप है कि कुत्ते से बचने की कोशिश में रघुवीर सिंह संतुलन खो बैठे और दूसरी मंजिल से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद घायल श्रमिक को ग्रेटर नोएडा के कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा था। हालांकि, शुक्रवार रात उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
रघुवीर सिंह के बेटे नीरज कुमार ने मामले में कोतवाली दादरी में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के आधार पर पुलिस घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कुत्ते के हमले और श्रमिक के दूसरी मंजिल से गिरने के दौरान वास्तव में क्या हुआ था।
कोतवाली प्रभारी नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
