उत्तर प्रदेशराज्य

Noida hospital: सरकारी अस्पतालों की संख्या बढ़ाने की मांग, एक्टिव सिटीजन टीम ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

Noida hospital: सरकारी अस्पतालों की संख्या बढ़ाने की मांग, एक्टिव सिटीजन टीम ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

नोएडा: जिले में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की मांग को लेकर एक्टिव सिटीजन टीम ने शुक्रवार को जिलाधिकारी मेधा रूपम को ज्ञापन सौंपा। टीम ने क्षेत्र में सरकारी अस्पतालों की संख्या बढ़ाने और आम लोगों के लिए बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई।

ज्ञापन के माध्यम से टीम ने निजी और सरकारी अस्पतालों के बीच बढ़ते अंतर पर चिंता व्यक्त की। उनका कहना है कि सरकारी अस्पतालों की सीमित उपलब्धता के कारण बड़ी संख्या में लोगों को इलाज के लिए महंगे निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है।

एक्टिव सिटीजन टीम के सदस्य हरेंद्र भाटी ने कहा कि जिले की बढ़ती आबादी को देखते हुए नए सरकारी अस्पतालों की आवश्यकता है। उन्होंने सभी वर्गों के नागरिकों के लिए सस्ती, गुणवत्तापूर्ण और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना और उन्हें शासन स्तर तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर उचित स्तर पर विचार किया जाएगा।

इस अवसर पर एक्टिव सिटीजन टीम के मंजीत सिंह, जेपीएस रावत, रमेश चंदानी, हरेंद्र भाटी और आलोक सिंह सहित अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। टीम ने उम्मीद जताई कि जिले में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए जल्द सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button