UP Police Bharti Exam: यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा की तैयारी पूरी, तीन दिन चलेगी परीक्षा; कलावा और मंगलसूत्र नहीं उतरवाए जाएंगे
UP Police Bharti Exam: यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा की तैयारी पूरी, तीन दिन चलेगी परीक्षा; कलावा और मंगलसूत्र नहीं उतरवाए जाएंगे
नोएडा में यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। यह परीक्षा 8, 9 और 10 जून को आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 42,048 अभ्यर्थी शामिल होंगे। जिले में इसके लिए 20 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
परीक्षा प्रत्येक दिन दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं ताकि बायोमीट्रिक सत्यापन, फेस रिकग्निशन और अन्य जांच प्रक्रियाएं समय पर पूरी की जा सकें।
इस बार परीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है कि अभ्यर्थियों से कलावा या मंगलसूत्र जैसे धार्मिक प्रतीकों को उतरवाया नहीं जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, पहले कई बार ऐसी शिकायतें सामने आती थीं कि सुरक्षा जांच के दौरान धार्मिक आस्था से जुड़े प्रतीकों को हटवाया जाता है, जिससे अभ्यर्थियों को मानसिक परेशानी होती थी। इस बार भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि किसी भी धार्मिक प्रतीक को हटाने की बाध्यता नहीं होगी।
हालांकि अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा की शुचिता और सुरक्षा व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से लाइव निगरानी की जाएगी और बायोमीट्रिक सत्यापन के साथ फेस मैचिंग सिस्टम का उपयोग किया जाएगा।
नकल रोकने के लिए इस बार सुरक्षा एजेंसियां हाईटेक तकनीक का इस्तेमाल करेंगी। स्मार्ट मेटा चश्मे, इलेक्ट्रॉनिक पेन और अन्य छिपे हुए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। परीक्षा केंद्रों में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी और शिक्षक अपने मोबाइल फोन भी अंदर नहीं ले जा सकेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि सभी केंद्रों पर सख्त नियम लागू किए गए हैं और परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है।