Road Accident: जनगणना ड्यूटी पर जा रहे शिक्षक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
Road Accident: जनगणना ड्यूटी पर जा रहे शिक्षक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में जनगणना ड्यूटी पर जा रहे एक शिक्षक की मौत हो गई। यह हादसा चांगोली मोड़ के पास हुआ, जहां एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, शरकपुर निवासी शिक्षक बालकिशन खुर्जा क्षेत्र के हसनपुर लडुकी गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय में प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत थे। सोमवार को वह अपने घर से बाइक पर सवार होकर जनगणना ड्यूटी के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में चांगोली मोड़ के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मारी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिक्षक को तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर चिंता जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि मामले में परिजनों की ओर से शिकायत मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी और आरोपी वाहन चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।



