उत्तर प्रदेशराज्य

Noida Workers Insurance: 4800 श्रमशक्ति कर्मियों को मेडिकल इंश्योरेंस की बड़ी सौगात, SBI जनरल इंश्योरेंस को मिला अनुमोदन

Noida Workers Insurance: 4800 श्रमशक्ति कर्मियों को मेडिकल इंश्योरेंस की बड़ी सौगात, SBI जनरल इंश्योरेंस को मिला अनुमोदन

अजीत कुमार

नोएडा प्राधिकरण ने अपने यहां कार्यरत लगभग 4800 श्रमशक्ति आपूर्तित कर्मियों के लिए एक बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया है। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी द्वारा इन कर्मियों को मेडिकल इंश्योरेंस सुविधा प्रदान करने के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया जनरल इंश्योरेंस कंपनी को आधिकारिक अनुमोदन दे दिया गया है।

यह महत्वपूर्ण निर्णय पहले ही 26 अक्टूबर 2024 को हुई प्राधिकरण की 215वीं बोर्ड बैठक में स्वीकृत किया जा चुका था, जिसके बाद अब इसे लागू करने की दिशा में ठोस कदम उठाया गया है। इस फैसले के तहत श्रमशक्ति आपूर्तिकर्ता एजेंसियों के माध्यम से काम कर रहे कर्मियों और उनके आश्रितों को व्यापक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।

इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक कर्मी के परिवार के अधिकतम पांच सदस्यों को सालाना 5 लाख रुपये तक का मेडिकल कवर दिया जाएगा। इसके लिए प्राधिकरण की ओर से प्रति कर्मी प्रति वर्ष 10,000 रुपये का प्रीमियम स्टेट बैंक ऑफ इंडिया जनरल इंश्योरेंस कंपनी को भुगतान किया जाएगा।

दरअसल, ईएसआई विभाग की ओर से मेडिकल सुविधा की सीमा 21,000 रुपये निर्धारित होने के बाद नोएडा प्राधिकरण के ये सभी श्रमशक्ति कर्मी उस दायरे से बाहर हो गए थे। इसके चलते लंबे समय से ये कर्मचारी मेडिकल सुविधा की मांग कर रहे थे।

अब इस नई योजना के लागू होने से कर्मियों को पहले ही दिन से इलाज की सुविधा मिल सकेगी। इसमें गंभीर बीमारियों का इलाज भी शामिल होगा और नोएडा तथा दिल्ली के अधिकांश बड़े अस्पतालों में यह सुविधा उपलब्ध रहेगी।

इस पहल के तहत SBI जनरल इंश्योरेंस कंपनी और नोएडा प्राधिकरण के बीच एमओयू भी साइन किया गया है, जिससे योजना को व्यवस्थित तरीके से लागू किया जा सके।

यह निर्णय न केवल कर्मियों के स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करेगा, बल्कि उनके परिवारों को भी आर्थिक राहत प्रदान करेगा। इसे प्राधिकरण की कर्मचारी कल्याण की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button