उत्तर प्रदेशराज्यराज्य

Uttar Pradesh : हापुड़ के बनखंडा गांव में नकली क्रीम बनाने का भंडाफोड़, 135 किलो क्रीम नष्ट, 37 टीन तेल-घी सीज

Hapur : हापुड़ में मिलावटी क्रीम के शक पर सोमवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने गांव बनखंडा में छापा मारा। टीम ने क्रीम बनाने में इस्तेमाल हो रहे रिफाइंड सोयाबीन तेल और वनस्पति घी के 37 टीन सीज किए हैं। मौके से करीब 135 किलोग्राम मिलावटी क्रीम पकड़ी गई, जिसे गड्ढा कराकर दबवा दिया गया। विभाग ने पांच नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।

कुछ लोगों ने डीएम कविता मीना से शिकायत की थी कि गांव बनखंडा में दूध के स्थान पर मिलावट करके क्रीम बनाई जा रही है। इसमें रिफाइंड सोयाबीन तेल, वनस्पति घी और अन्य सामग्री मिलाई जा रही है। इससे लोगों की सेहत को नुकसान पहुंच रहा है। डीएम के आदेश पर सोमवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों की टीम गांव में पहुंची और जांच कर कार्रवाई की।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि गांव बनखंडा में तुषार शर्मा के प्रतिष्ठान पर जांच की गई। मौके पर मिली क्रीम में रिफाइंड सोयाबीन तेल, वनस्पति घी और दही की मिलावट की बात सामने आई है। इसके बाद मौके पर रखे 24 टीन वनस्पति घी और रिफाइंड सोयाबीन तेल के 13 टीन को सीज किया गया। इसकी कीमत करीब तीन लाख रुपये है। तैयार क्रीम के दो, रिफाइंड सोयाबीन तेल का एक, वनस्पति घी का एक और दही का एक नमूना लिया गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर गड्ढा खोदवाकर कार्रवाई कराने को लेकर सवाल उठाते हुए वीडियो वायरल किया। लोगों का आरोप है कि आसपास के कुछ युवकों से गड्ढा कराया गया। हालांकि विभाग का कहना है कि मौके पर पहले से ही गड्ढा था और तैयार क्रीम को उसमें डलवाकर मिट्टी डाली गई है।

मामले में सहायक आयुक्त द्वितीय सुनील कुमार का कहना है कि मिलावट को लेकर लगातार कार्रवाई चल रही है। लोगों की सेहत से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button