Parsaul Village: पारसौल में किसानों का विरोध, जमीन पर कब्जा लेने पहुंची प्राधिकरण टीम को लौटना पड़ा

Parsaul Village: पारसौल में किसानों का विरोध, जमीन पर कब्जा लेने पहुंची प्राधिकरण टीम को लौटना पड़ा

नोएडा : ग्रेटर नोएडा के पारसौल गांव में मंगलवार को किसानों और यमुना प्राधिकरण की टीम के बीच तनाव की स्थिति बन गई। प्राधिकरण की टीम अधिग्रहित जमीन पर कब्जा लेने के लिए जेसीबी मशीनों के साथ गांव पहुंची थी, लेकिन किसानों के विरोध के चलते टीम को बिना कार्रवाई किए वापस लौटना पड़ा। किसानों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं होगा, तब तक वे जमीन पर कब्जा नहीं लेने देंगे।

ग्रामीणों के अनुसार प्राधिकरण ने उनकी जमीन का अधिग्रहण तो कर लिया है, लेकिन अब तक किसानों को मूल मुआवजा, आबादी निस्तारण और आवासीय प्लॉट जैसी सुविधाएं नहीं मिली हैं। किसानों का कहना है कि उनकी समस्याओं का समाधान किए बिना जबरन जमीन पर कब्जा लेने की कोशिश की जा रही है, जिसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

किसान हरपाल, रामकुमार और अन्य ग्रामीणों ने बताया कि पारसौल गांव की जिस जमीन का अधिग्रहण किया गया है, वहां यमुना प्राधिकरण द्वारा सेक्टर-18 विकसित किया जाना है। मंगलवार को प्राधिकरण की टीम भारी मशीनों के साथ मौके पर पहुंची थी। इसकी जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और जेसीबी मशीनों को रोक दिया।

स्थिति को देखते हुए प्राधिकरण अधिकारियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत की। पुलिस अधिकारियों ने प्राधिकरण कर्मियों से कहा कि किसानों की अधिकारियों के साथ वार्ता कराए बिना जमीन पर कोई कार्य शुरू नहीं किया जाएगा। इसके बाद प्राधिकरण की टीम को बिना कब्जा लिए वापस लौटना पड़ा।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया, तो वे प्राधिकरण के खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे। किसानों का कहना है कि वे अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे और जब तक उचित मुआवजा और अन्य सुविधाएं नहीं मिलतीं, तब तक विरोध जारी रहेगा।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img