Dhirendra Singh: जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह बोले- 53% बढ़े प्लॉट रेट, लेकिन किसान अब भी पुराने मुआवजे पर

Dhirendra Singh: जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह बोले- 53% बढ़े प्लॉट रेट, लेकिन किसान अब भी पुराने मुआवजे पर

नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्रों में किसानों को मिलने वाले मुआवजे को लेकर एक बार फिर बड़ा मुद्दा उठ गया है। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने किसानों को पुराने दरों पर मुआवजा दिए जाने पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में जमीन और प्लॉट की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है, लेकिन किसानों को अब भी पुराने मानकों के आधार पर भुगतान किया जा रहा है, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है।

विधायक धीरेंद्र सिंह के मुताबिक पिछले चार वर्षों में आवासीय भूखंडों की दरों में लगभग 53 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, जबकि औद्योगिक भूखंडों की कीमतों में करीब 63 प्रतिशत तक इजाफा दर्ज किया गया है। इसके बावजूद किसानों को भूमि अधिग्रहण के बदले मिलने वाला मुआवजा नहीं बढ़ाया गया। उन्होंने कहा कि यह स्थिति सामाजिक और आर्थिक न्याय के सिद्धांतों के खिलाफ है।

धीरेंद्र सिंह ने कहा कि विकास परियोजनाओं का फायदा सिर्फ प्राधिकरणों, उद्योगपतियों और निवेशकों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। जिन किसानों ने अपनी पुश्तैनी जमीन देकर औद्योगिक और राष्ट्रीय विकास का रास्ता तैयार किया है, उन्हें भी इस विकास में बराबरी की हिस्सेदारी और सम्मान मिलना चाहिए।

उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय और विभिन्न हाईकोर्ट के फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि भूमि अधिग्रहण केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह न्याय और पारदर्शिता से जुड़ा मुद्दा है। प्रशासन की जिम्मेदारी सिर्फ राजस्व कमाना नहीं, बल्कि किसानों और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करना भी है।

विधायक ने कहा कि यदि प्राधिकरण उद्योगों और बड़े निवेशकों को विशेष सुविधाएं और प्रोत्साहन दे सकते हैं, तो किसानों के वैध अधिकारों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि किसानों को वर्तमान बाजार दरों के अनुसार उचित मुआवजा, पुनर्वास लाभ और विकास योजनाओं में भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

धीरेंद्र सिंह ने जोर देकर कहा कि असली विकास वही होगा जिसमें किसानों को सम्मान और न्याय मिले, क्योंकि विकास की नींव उन्हीं की जमीन पर खड़ी होती है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img