Greater Noida News: 18 गांवों में जल्द शुरू होगा ओपन जिम लगाने का काम, लोगों को घर के पास मिलेगी फिटनेस सुविधा
Greater Noida News: 18 गांवों में जल्द शुरू होगा ओपन जिम लगाने का काम, लोगों को घर के पास मिलेगी फिटनेस सुविधा
ग्रेटर नोएडा में लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और गांवों में फिटनेस सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण अब क्षेत्र के 18 गांवों में ओपन जिम स्थापित करने जा रहा है। इसके लिए कार्यदायी संस्था को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया गया है और इस सप्ताह से काम शुरू होने की संभावना है।
प्राधिकरण की योजना के तहत कासना, सिरसा, डाढ़ा, गिरधरपुर समेत कई गांवों के प्राथमिक विद्यालय परिसरों और खेल मैदानों में ओपन जिम लगाए जाएंगे। इसके लिए पहले ही स्थान चिन्हित कर लिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि गांवों में रहने वाले लोगों को अब फिटनेस के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें घर के पास ही आधुनिक व्यायाम सुविधाएं मिल सकेंगी।
नागेंद्र सिंह ने बताया कि पहले चरण में 18 गांवों में ओपन जिम स्थापित किए जाएंगे। गांवों का चयन जनप्रतिनिधियों के सुझाव और स्थानीय जागरूक नागरिकों से विचार-विमर्श के बाद किया गया है। प्रत्येक जिम में छह प्रकार के फिटनेस उपकरण लगाए जाएंगे और पूरी परियोजना पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
अधिकारियों के अनुसार चयनित एजेंसी केवल उपकरण लगाने का काम ही नहीं करेगी, बल्कि अगले तीन वर्षों तक उनके रखरखाव की जिम्मेदारी भी संभालेगी। ओपन जिम परियोजना को अगले छह महीनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
ओपन जिम में फिटनेस के लिए कई आधुनिक उपकरण लगाए जाएंगे। इनमें पेट की मांसपेशियों को मजबूत करने के लिए सिट-अप स्टेशन, शरीर को घुमाने और संतुलन बनाए रखने के लिए ट्विस्टर, एयर वॉकर, वन सीटेड चेस्ट प्रेस, पुलिंग चेयर, लेग प्रेस और सुरक्षा के लिए मोटे रबर फ्लोर टाइल्स शामिल होंगे। इन उपकरणों के जरिए बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी आसानी से व्यायाम कर सकेंगे।
जिन गांवों में ओपन जिम लगाए जाएंगे उनमें कासना, बिरौंडा, डाढ़ा, सिरसा, खानपुर, लड़पुरा, घंघौला, चीरसी, अस्तौली, गिरधरपुर, अमीनाबाद उर्फ नियाना, रामपुर माजरा, आजमपुर गढ़ी, दलेलगढ़, बागपुर, बिसायच, दादूपुर और नवादा शामिल हैं।
इसके अलावा ग्रेटर नोएडा वेस्ट के विभिन्न सेक्टरों में भी ओपन जिम, गार्डन बेंच और बच्चों के झूले लगाने की तैयारी चल रही है। प्राधिकरण ने इसके लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-2, सेक्टर-3, सेक्टर-10, सेक्टर-12, सेक्टर-16, इकोटेक-12, टेक्जोन-4 और नॉलेज पार्क-5 समेत 70 से अधिक पार्कों में यह सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
रवि कुमार एनजी ने कहा कि सेक्टरों की तर्ज पर गांवों में भी फिटनेस सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। चरणबद्ध तरीके से सभी गांवों में ओपन जिम लगाए जाएंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और लोगों को बेहतर जीवनशैली अपनाने में मदद मिलेगी।

