दिल्ली

Shastri Park Murder Case: दिल्ली में 200 रुपये के विवाद में बुजुर्ग की चाकू मारकर हत्या, आरोपी फरार

Shastri Park Murder Case: दिल्ली में 200 रुपये के विवाद में बुजुर्ग की चाकू मारकर हत्या, आरोपी फरार

रिपोर्ट: रवि डालमिया

उत्तर पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। यहां 200 रुपये को लेकर हुए विवाद में एक बुजुर्ग व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने एहतियात के तौर पर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है।

मृतक की पहचान अली अहमद फखरूद्दीन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह रात में खाना खाने के बाद अपने घर के पास टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान एक युवक ने उनसे नशा करने के लिए 200 रुपये मांगे। जब उन्होंने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपी गुस्से में आ गया और उसने चाकू से हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक, आरोपी ने अली अहमद पर लगातार कई वार किए। पहले उनकी पीठ में चाकू घोंपा गया और फिर पैर पर भी हमला किया गया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बुजुर्ग को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला और इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर पूर्वी दिल्ली के डीसीपी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल में सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान मोहसिन के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपी की लोकेशन और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जा सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में नशे से जुड़े मामलों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है। इस घटना ने एक बार फिर राजधानी में बढ़ते अपराध और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Seelampur Murder Case: दिल्ली के सीलमपुर में चाय पी रहे बुजुर्ग की चाकू से हत्या, आरोपी भी घायल

Related Articles

Back to top button