भारत

Noida Clash: सिगरेट-कोल्डड्रिंक के ओवररेट पर बवाल, लात-घूसे और रॉड से मारपीट, एक का दांत टूटा

Noida Clash: सिगरेट-कोल्डड्रिंक के ओवररेट पर बवाल, लात-घूसे और रॉड से मारपीट, एक का दांत टूटा

नोएडा के फेज-2 थाना क्षेत्र स्थित ककराला गांव में सिगरेट और कोल्डड्रिंक के ओवररेट को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूसे चले और बाद में मामला इतना बढ़ गया कि लोहे की रॉड तक निकल आई, जिसमें एक व्यक्ति का दांत टूट गया और एक किशोरी के पेट में चोट आई।

जानकारी के अनुसार, यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब एक ग्राहक ने कोल्डड्रिंक और सिगरेट के दाम ज्यादा लेने का विरोध किया। इसी बात पर दुकानदार और ग्राहक के बीच कहासुनी हो गई। विवाद में कोल्डड्रिंक सप्लाई करने वाला व्यक्ति भी शामिल हो गया, जिससे मामला और बिगड़ गया।

शुरुआती झगड़े के बाद आसपास मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत करा दिया था, लेकिन कुछ देर बाद दोनों गुटों ने अपने-अपने साथियों को बुला लिया और फिर से हिंसक झड़प शुरू हो गई।

एक पक्ष से उस्मान और उनके परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, जबकि दूसरे पक्ष से नौशाद और उनके सहयोगियों ने भी हमला कर दिया। आरोप है कि इस दौरान करीब 10 लोगों ने मिलकर लोहे की रॉड और अन्य हथियारों से हमला किया।

इस हमले में उस्मान का दांत टूट गया, जबकि दूसरी तरफ एक किशोरी के पेट में चोट लगने की बात सामने आई है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ फेज-2 थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस जांच के अनुसार, यह विवाद 12 रुपये के बजाय 14 रुपये सिगरेट के दाम लेने को लेकर शुरू हुआ था, जो बाद में व्यक्तिगत विवाद और हिंसा में बदल गया।

एसीपी दीक्षा सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं। मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी रहीस को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे

 

Related Articles

Back to top button