उत्तर प्रदेशराज्यराज्य

Uttar Pradesh : हापुड़ में प्रेमिका को वश में करने के लिए चिता से खोपड़ी चुराई, तीन गिरफ्तार

Hapur News : हापुड़ में प्रेमिका और उसके परिवार को वशीकरण से काबू करने की जिद में एक युवक ने जलती चिता से मानव खोपड़ी और हड्डियां चुरा लीं। थाना देहात क्षेत्र के इस मामले में पुलिस ने मंगलवार सुबह आरोपी अमान, उसके दोस्त और तांत्रिक अवधेश शर्मा को गिरफ्तार किया है। तीनों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

शनिवार को मोहल्ला सोटावाली निवासी 16 वर्षीय शुभांशु की पेट की गंभीर बीमारी के कारण मेरठ के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। परिवार ने उसी दिन गांव के श्मशान घाट पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों के लौटने के बाद जगह सुनसान होते ही तीन युवक बाइक पर श्मशान घाट पहुंचे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीनों ने शुभांशु की चिता से खोपड़ी और हड्डियां निकाल लीं। जब वे बाइक पर भाग रहे थे तभी स्थानीय लोगों ने उन्हें देख लिया। लोगों ने शोर मचाया और रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी भाग निकले। सूचना पर पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में तीनों युवकों की बाइक साफ दिखाई दी, जिसके आधार पर उनकी पहचान कर ली गई।

पुलिस ने दबिश देकर मंगलवार सुबह अमान, उसके साथी और तांत्रिक अवधेश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अमान ने बताया कि वह अपनी प्रेमिका और उसके माता-पिता को पूरी तरह नियंत्रण में करना चाहता था। इसी उद्देश्य से उसकी मुलाकात तांत्रिक अवधेश शर्मा से हुई। तांत्रिक ने उसे श्मशान घाट से जलती चिता की खोपड़ी लाने को कहा और वादा किया कि वह ऐसा अचूक वशीकरण मंत्र करेगा कि प्रेमिका उसके इशारे पर चलने लगेगी।

तांत्रिक के घर से पुलिस को भारी मात्रा में तंत्र-मंत्र की सामग्री, मंत्रों की पोटलियां और संदिग्ध वस्तुएं बरामद हुई हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि तांत्रिक के पास 50 अलग-अलग पुरुषों और महिलाओं की तस्वीरें मिली हैं। पुलिस इन सभी लोगों की पहचान करने और तस्वीरों के इस्तेमाल का उद्देश्य जानने में जुटी है।

सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि मामले की गहन जांच चल रही है। आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी देख रही है कि ऐसी घटनाएं पहले भी हुईं या नहीं। तांत्रिक के नेटवर्क को खंगालने की कोशिश की जा रही है।

Related Articles

Back to top button