उत्तर प्रदेशराज्य

Noida Authority: नए दफ्तर में पहली बार अधिकारियों ने सुनीं लोगों की समस्याएं

Noida Authority: नए दफ्तर में पहली बार अधिकारियों ने सुनीं लोगों की समस्याएं

नोएडा प्राधिकरण के सेक्टर-96 स्थित नए कार्यालय में शुक्रवार को पहली बार जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुविधा केंद्र में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कृष्णा करुणेश, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) और ओएसडी ने करीब दो घंटे तक लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। नए कार्यालय में आयोजित पहली जनसुनवाई को लेकर बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।

जनसुनवाई के दौरान ग्राम विकास संगठन के संयोजक डीपी चौहान और मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने सीईओ के समक्ष क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं रखीं। उन्होंने विशेष रूप से यमुना पुस्ते की जर्जर स्थिति का मुद्दा उठाते हुए बताया कि इसकी मरम्मत का कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाया है, जबकि इसके लिए 34 करोड़ 18 लाख रुपये का बजट पहले ही स्वीकृत किया जा चुका है।

प्रतिनिधियों ने बताया कि नोएडा प्राधिकरण द्वारा सिंचाई विभाग को परियोजना की पहली किस्त के रूप में 11 करोड़ रुपये भी जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से स्थानीय लोगों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में पुस्ते की खराब स्थिति लोगों की चिंता और बढ़ा रही है।

शिकायत सुनने के बाद सीईओ कृष्णा करुणेश ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महाप्रबंधक ए.के. अरोड़ा को सिंचाई विभाग के अधिकारियों से तत्काल समन्वय स्थापित करने और मरम्मत कार्य जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा कराया जाए।

प्राधिकरण के नए कार्यालय में हुई पहली जनसुनवाई से लोगों को उम्मीद जगी है कि उनकी लंबित समस्याओं का समाधान अब पहले की तुलना में अधिक तेजी से हो सकेगा। अधिकारियों ने भी भरोसा दिलाया कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।

 

Related Articles

Back to top button