Uttar Pradesh : आगरा को “विश्व की जूता राजधानी” बनाने की पहल, निर्यात और निवेश को नई गति

Lucknow/Agra : देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्र आगरा को “विश्व की जूता राजधानी” के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया। होटल अमर विलास में आयोजित इंडिया–न्यूज़ीलैंड बिज़नेस मीट के दौरान इस पहल का औपचारिक लॉन्च हुआ। कार्यक्रम में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री Piyush Goyal, केंद्रीय राज्यमंत्री S. P. Singh Baghel, न्यूज़ीलैंड के व्यापार एवं निवेश मंत्री Todd McClay और भारत में न्यूज़ीलैंड के उच्चायुक्त Patrick Rata सहित कई प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में आगरा के फुटवियर उद्योग को वैश्विक पहचान दिलाने, निर्यात बढ़ाने और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन पर जोर दिया गया। बताया गया कि आगरा पहले से ही देश का सबसे बड़ा फुटवियर निर्माण क्लस्टर है और अब इसे वैश्विक हब बनाने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है।
आंकड़ों के अनुसार, आगरा का योगदान भारत के लेदर फुटवियर निर्यात में 75 प्रतिशत से अधिक है। यहां 5 हजार से ज्यादा एमएसएमई इकाइयां संचालित हैं, जो 4 से 5 लाख लोगों को रोजगार देती हैं। यूरोप, अमेरिका, यूके और मध्य-पूर्व जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में यहां के उत्पादों की मजबूत पकड़ है।
कार्यक्रम में यह भी रेखांकित किया गया कि आगरा की पारंपरिक कारीगरी और आधुनिक तकनीक का संयोजन इसे वैश्विक प्रतिस्पर्धा में आगे रखता है। लागत के मामले में यह चीन और वियतनाम जैसे देशों के मुकाबले प्रतिस्पर्धी साबित हो रहा है, जिससे अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की रुचि बढ़ रही है।
फ्री ट्रेड एग्रीमेंट और अन्य अंतरराष्ट्रीय समझौतों के जरिए निर्यात में तीन से पांच गुना तक वृद्धि की संभावना जताई गई। भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच कच्चे माल, डिजाइन और संयुक्त उत्पादन को लेकर सहयोग के नए अवसरों पर भी चर्चा हुई।
इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को इस पहल की सफलता के लिए महत्वपूर्ण बताया गया। जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, प्रस्तावित फुटवियर पार्क और बेहतर लॉजिस्टिक्स सुविधाएं आगरा को वैश्विक स्तर पर और मजबूत बनाएंगी। उद्योग प्रतिनिधियों ने सरकार से 2030 तक कंपोनेंट्स पर शून्य ड्यूटी, ब्याज सब्सिडी और निर्यात प्रक्रियाओं को सरल बनाने की मांग रखी।
इस पहल के तहत आगरा को “ताज नगरी” के साथ “फुटवियर उत्कृष्टता की नगरी” के रूप में ब्रांड करने की योजना है। जीआई टैग, अंतरराष्ट्रीय ब्रांडिंग और बायर–सेलर मीट के जरिए वैश्विक बाजार में पहचान मजबूत करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान पियूष गोयल ने कहा कि आगरा को “विश्व की जूता राजधानी” बनाना देश के निर्यात को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और सरकार इस क्षेत्र को पूरा सहयोग देगी। वहीं टॉड मैक्ले ने भारत–न्यूज़ीलैंड सहयोग को मजबूत बताते हुए कच्चे माल, डिजाइन और मैन्युफैक्चरिंग में अपार संभावनाएं जताईं।
उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों ने भी इस पहल को ऐतिहासिक बताया और कहा कि उचित नीति समर्थन मिलने पर आगरा वैश्विक फुटवियर बाजार में बड़ी हिस्सेदारी हासिल कर सकता है। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों, उद्योग संगठनों और निर्यातकों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
