Noida Crime : धुलाई सेंटर पर युवक से भतीजे की मारपीट, जान से मारने की धमकी देकर फरार

Noida Crime : धुलाई सेंटर पर युवक से भतीजे की मारपीट, जान से मारने की धमकी देकर फरार
नोएडा: सेक्टर-52 क्षेत्र में एक पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां कार धुलाई सेंटर पर बैठे युवक के साथ उसके ही रिश्ते के भतीजे ने मारपीट कर दी। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, होशियारपुर गांव निवासी कांती प्रसाद कौशिक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा पंकज कौशिक सेक्टर-52 में मेट्रो के पिलर नंबर-233 के पास कार धुलाई सेंटर चलाता है। 22 अप्रैल की रात करीब 10 बजे पंकज अपने सेंटर पर मौजूद था, तभी उसका रिश्तेदार भरत कौशिक उर्फ सोनू वहां अपनी गाड़ी लेकर पहुंचा।
आरोप है कि आते ही भरत कौशिक ने पंकज के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब पंकज ने उसे समझाने और रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने पास में पड़े डंडे से उस पर हमला कर दिया। इस हमले में पंकज को चोटें आईं।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी जाते-जाते पीड़ित को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पीड़ित परिवार का कहना है कि इस घटना के बाद वे बेहद डरे हुए हैं और आरोपी की धमकी से पूरा परिवार सहमा हुआ है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





