Faridabad Drug Disposal: फरीदाबाद में 568 किलो गांजा समेत भारी मात्रा में नशीले पदार्थ नष्ट, पुलिस का तस्करों पर सख्त प्रहार

Faridabad Drug Disposal: फरीदाबाद में 568 किलो गांजा समेत भारी मात्रा में नशीले पदार्थ नष्ट, पुलिस का तस्करों पर सख्त प्रहार

रिपोर्ट: संदीप चौहान

फरीदाबाद में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में बरामद भारी मात्रा में मादक पदार्थों को नष्ट कर दिया। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में गठित ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी ने कानूनी प्रक्रिया के तहत इन सभी नशीले पदार्थों को आग के हवाले किया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 20 अप्रैल को जिला फरीदाबाद की ड्रग डिस्पोजल कमेटी ने कुल 203 मामलों में जब्त किए गए मादक पदार्थों को नष्ट किया। इनमें 568 किलोग्राम गांजा, 24,214 कैप्सूल, 30.66 ग्राम हेरोइन, 14.368 किलोग्राम पोपी हस्क, 1080 प्रतिबंधित टैबलेट और 101 इंजेक्शन शामिल थे। इन सभी नशीले पदार्थों को तिगांव रोड स्थित गांव जसाना में गोल्डन ईगल वेस्ट मैनेजमेंट कंपनी के परिसर में सुरक्षित तरीके से नष्ट किया गया।

इस पूरी कार्रवाई के दौरान कानूनी नियमों का पालन करते हुए गवाहों की मौजूदगी में मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। पुलिस आयुक्त की निगरानी में पूरे प्रोसेस की फोटोग्राफी कराई गई, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। यह सभी जब्त सामग्री वर्ष 2023 से 2025 के बीच दर्ज मामलों से संबंधित थी।

ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी में पुलिस आयुक्त (चेयरमैन), पुलिस उपायुक्त मुख्यालय और सहायक पुलिस आयुक्त मुख्यालय सदस्य के रूप में शामिल रहे। वहीं, समाज के गणमान्य व्यक्ति विनोद कुमार (ब्लॉक पार्षद) और वीरेंद्र (सरपंच, जसाना) भी इस दौरान गवाह के रूप में मौजूद रहे।

पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि नशा व्यक्ति को आर्थिक, शारीरिक और मानसिक रूप से कमजोर कर देता है और उसे अपराध की ओर धकेलता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और समाज के विकास में अपना योगदान दें। उन्होंने यह भी बताया कि फरीदाबाद पुलिस नशे के आदी लोगों की मदद के लिए काउंसलिंग और चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध करा रही है।

उन्होंने आगे जानकारी दी कि इस वर्ष अब तक फरीदाबाद पुलिस ने 151 मामलों में कार्रवाई करते हुए 191 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान 416 किलोग्राम गांजा, 79.15 ग्राम स्मैक, 2988 प्रतिबंधित टैबलेट, 1 किलोग्राम चरस समेत अन्य नशीले पदार्थ भी बरामद किए गए हैं।

फरीदाबाद पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी नशा बेचने या तस्करी की सूचना मिले, तो हेल्पलाइन नंबर 9050891508 या कंट्रोल रूम नंबर 9999150000 पर जानकारी दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

 

Delhi Murder Case: प्रीत विहार में पार्किंग विवाद बना खूनी झगड़ा, फायरिंग में युवक की मौत

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img