Greater Noida Flat Fire: ला रेजिडेंशिया सोसायटी की 12वीं मंजिल पर भीषण आग, पूरा सामान जलकर राख

Greater Noida Flat Fire: ला रेजिडेंशिया सोसायटी की 12वीं मंजिल पर भीषण आग, पूरा सामान जलकर राख
ग्रेटर नोएडा: La Residentia Society में देर रात एक फ्लैट में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बिसरख थाना क्षेत्र के टावर-21 की 12वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट नंबर 1202 में लगी इस आग ने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि गनीमत रही कि परिवार के सभी सदस्य समय रहते बाहर निकल गए और कोई जनहानि नहीं हुई।
फ्लैट में रहने वाले धीरेंद्र सिंह के अनुसार, रात करीब 1 बजे अचानक आग लग गई। पड़ोसियों ने बालकनी की तरफ से उठती लपटों को देखकर उन्हें तुरंत सतर्क किया, जिसके बाद परिवार ने तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना के दौरान कुछ ही मिनटों में आग तेजी से फैल गई और पूरे फ्लैट में धुआं भर गया।
परिवार ने सबसे पहले सोसायटी की मेंटेनेंस टीम को बुलाया, लेकिन मौके पर आग बुझाने के पर्याप्त उपकरण मौजूद नहीं थे। हालात बिगड़ते देख दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि फ्लैट में रखा बेड, सोफा, फ्रिज, एसी, मोबाइल फोन सहित लगभग सारा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। आग लगने के बाद पूरे टावर में दहशत का माहौल बन गया और लोग अपने-अपने फ्लैट से बाहर निकल आए।
जिला दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार के मुताबिक, रात करीब 12:45 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि वायरिंग में स्पार्क होने के बाद आग एसी के कंप्रेसर तक पहुंची, जिससे विस्फोट हुआ और आग तेजी से फैल गई।
हालांकि परिवार का कहना है कि उस समय एसी चालू नहीं था, जिससे आग के कारणों को लेकर अभी भी जांच जारी है। यह घटना एक बार फिर हाईराइज सोसायटियों में फायर सेफ्टी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है, खासकर तब जब शुरुआती स्तर पर आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम नहीं मिले।
Seemapuri Murder: नाबालिग पर चाकू से हमला, आरोपी आग में झुलसा, दोनों की मौत से दहली दिल्ली



