दिल्ली

Delhi Fire: दिल्ली के गाज़ीपुर झुग्गी बस्ती में भीषण आग, 30 झुग्गियां जलकर राख

Delhi Fire: दिल्ली के गाज़ीपुर झुग्गी बस्ती में भीषण आग, 30 झुग्गियां जलकर राख

रिपोर्ट: रवि डालमिया

पूर्वी दिल्ली के गाज़ीपुर इलाके से देर रात एक बड़ी घटना सामने आई, जहां भीषण आग लगने से करीब 30 झुग्गियां जलकर पूरी तरह राख हो गईं। इस हादसे में राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग ने लोगों की जिंदगी भर की जमा पूंजी को कुछ ही घंटों में खत्म कर दिया।

थाना गाज़ीपुर क्षेत्र की हरिजन बस्ती में देर रात अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग गहरी नींद में थे, तभी आग ने तेजी से फैलते हुए एक के बाद एक झुग्गियों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। चश्मदीदों के मुताबिक, आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरा इलाका आग की लपटों में घिर गया।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग तुरंत हरकत में आया और मौके पर 11 फायर टेंडर भेजे गए। आग पर काबू पाने के लिए करीब तीन घंटे तक लगातार मशक्कत करनी पड़ी। दमकल विभाग के अधिकारी अनूप सिंह के अनुसार, रात करीब 11 बजकर 58 मिनट पर आग लगने की कॉल मिली थी, जिसमें बताया गया था कि मुला कॉलोनी, गाज़ीपुर पेपर मार्केट के पास झुग्गियों में आग लगी है।

हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन आग ने गरीब परिवारों को भारी नुकसान पहुंचाया है। पीड़ितों के अनुसार, लाखों रुपये का सामान—जिसमें बर्तन, कपड़े, फर्नीचर और रिक्शा तक शामिल थे—सब कुछ जलकर राख हो गया। कई परिवार अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात हुई बारिश के बाद बिजली के शॉर्ट सर्किट की वजह से यह आग लगी। उनका दावा है कि बिजली के तारों में स्पार्क हुआ और कुछ ही मिनटों में आग तेजी से फैल गई। पीड़ितों ने बताया कि “हम सो रहे थे, अचानक आग लग गई, कुछ भी बचाने का मौका नहीं मिला। देखते ही देखते सब कुछ खत्म हो गया।”

अपना आशियाना उजड़ने के बाद लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। कई परिवारों ने सरकार से मदद की गुहार लगाई है और रहने के लिए अस्थायी व्यवस्था की मांग की है। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Seemapuri Murder: नाबालिग पर चाकू से हमला, आरोपी आग में झुलसा, दोनों की मौत से दहली दिल्ली

 

Related Articles

Back to top button