Noida Illegal Arms Network Busted: नोएडा में इंस्टाग्राम के जरिए हथियार सप्लाई करने वाले दो तस्कर गिरफ्तार

Noida Illegal Arms Network Busted: नोएडा में इंस्टाग्राम के जरिए हथियार सप्लाई करने वाले दो तस्कर गिरफ्तार
रिपोर्ट: अमर सैनी
नोएडा में पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और तस्करी करने वाले एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। थाना फेस-1 पुलिस ने सेक्टर-115 क्षेत्र में गंदे नाले की पुलिया के पास कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया गया है। इस कार्रवाई से इलाके में चल रहे अवैध हथियार कारोबार का खुलासा हुआ है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 21 वर्षीय अभिषेक, निवासी ग्राम सोरखा सेक्टर-115 नोएडा और 20 वर्षीय समीर, निवासी सेक्टर-27 नोएडा के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 11 अवैध हथियार बरामद किए हैं, जिनमें 5 पिस्टल .32 बोर, 5 देशी तमंचे .315 बोर और 1 देशी तमंचा .32 बोर शामिल है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से अवैध हथियारों की तस्करी में सक्रिय थे और सस्ते दामों में हथियार खरीदकर उन्हें महंगे दामों में बेचते थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पिस्टल को 40 से 45 हजार रुपये में खरीदकर 65 से 75 हजार रुपये तक में बेच देते थे, जबकि तमंचों को 4 से 5 हजार रुपये में खरीदकर लगभग 10 हजार रुपये में बेचते थे।
इस पूरे नेटवर्क में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिसके जरिए आरोपी ग्राहकों से संपर्क करते थे और हथियारों की डीलिंग करते थे। पुलिस का कहना है कि यह तरीका उन्हें आसानी से नए ग्राहक जोड़ने और अवैध कारोबार को फैलाने में मदद करता था।
पुलिस ने बताया कि सूचना और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर यह कार्रवाई की गई, जिसके बाद आरोपियों को रंगे हाथों दबोच लिया गया। मामले में एक बाल अपचारी की भूमिका भी सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, यह गिरोह गौतमबुद्धनगर में अवैध हथियारों की सप्लाई चेन को सक्रिय कर रहा था, जिसे अब ध्वस्त कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
नोएडा पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया के जरिए चल रहे ऐसे अवैध कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





