राज्यहरियाणा

Faridabad: फरीदाबाद में 3 महीने के बच्चे की मौत के बाद हंगामा, बिल भरने पर ही शव देने का आरोप

Faridabad: फरीदाबाद में 3 महीने के बच्चे की मौत के बाद हंगामा, बिल भरने पर ही शव देने का आरोप

रिपोर्ट: संदीप चौहान

हरियाणा के फरीदाबाद के सेक्टर-16 स्थित क्यूआरजी अस्पताल में एक 3 महीने के मासूम बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। परिवार का आरोप है कि डॉक्टरों की लापरवाही के कारण बच्चे की जान गई और अस्पताल प्रबंधन ने शव देने से पहले पूरा बिल जमा करने की शर्त रख दी।

जानकारी के अनुसार, बच्चे को दिल से जुड़ी समस्या के चलते 23 तारीख को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का कहना है कि डॉक्टरों ने ऑपरेशन की सलाह दी और इलाज का पैकेज करीब 4 से 5 लाख रुपये बताया गया। परिवार ने कर्ज लेकर करीब 5 लाख रुपये का इंतजाम किया और बच्चे का इलाज शुरू कराया गया।

परिजनों के मुताबिक, ऑपरेशन के बाद बच्चे को वेंटिलेटर पर रखा गया और डॉक्टरों ने उसकी स्थिति सामान्य बताई। कुछ दिनों बाद बच्चे को वेंटिलेटर से हटाकर सामान्य वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया था, जिससे परिवार को उम्मीद जगी कि बच्चा ठीक हो रहा है। लेकिन अचानक उसकी हालत बिगड़ गई और उसे दोबारा वेंटिलेटर पर रखना पड़ा।

परिवार का आरोप है कि डॉक्टरों की लापरवाही और गलत दवा के कारण बच्चे की हालत बिगड़ी, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। मृतक बच्चे की दादी वंदना ने बताया कि इलाज के दौरान उन्हें सही जानकारी नहीं दी गई और रिपोर्ट भी साझा नहीं की गई।

सबसे गंभीर आरोप यह है कि बच्चे की मौत के बाद अस्पताल प्रशासन ने करीब 4 लाख रुपये का बिल चुकाने के बाद ही शव देने की बात कही। इस बात को लेकर परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने अस्पताल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।

परिजनों का कहना है कि पहले अस्पताल प्रबंधन ने कुछ रकम वापस करने की बात कही थी, लेकिन बाद में इससे भी मुकर गया। उन्होंने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषी डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

घटना के बाद मौके पर तनावपूर्ण माहौल बन गया और पुलिस को भी बुलाना पड़ा। फिलहाल मामले की जांच की मांग उठ रही है और प्रशासन से कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।

 

Himachal Pradesh: अनुकंपा नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे 202 पात्र आवेदकों को नए वर्ष का तोहफा, मुख्यमंत्री सुक्खू का बड़ा फैसला

Related Articles

Back to top button