उत्तर प्रदेशराज्य

Greater Noida Crime: पांच साल से थे संबंध, फिर आई महिला की मौत की खबर; युवक पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज

Greater Noida Crime: पांच साल से थे संबंध, फिर आई महिला की मौत की खबर; युवक पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज

नोएडा। ग्रेटर नोएडा के बिसरख कोतवाली क्षेत्र स्थित रोज टावर गार्डन सिटी-1 में सहमति से संबंध में रह रही एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मामला तूल पकड़ गया है। परिजनों ने युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है, जिसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतका की बहन ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 28 फरवरी को राहुल बैंसला नामक व्यक्ति ने फोन कर सूचना दी कि उनकी बहन ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। जब वे मौके पर पहुंचीं तो उनकी बहन जमीन पर पड़ी हुई थीं। परिजनों का आरोप है कि घटना संदिग्ध है और इसमें आरोपी युवक की संलिप्तता की गहन जांच की जानी चाहिए।

शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी युवक और मृतका के बीच वर्ष 2020-21 से संबंध थे। युवक ने विवाह का आश्वासन देकर उनकी बहन को विश्वास में लिया, लेकिन बाद में कथित रूप से धोखा दिया। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि 12 दिसंबर 2025 को आरोपी की बुआ और बहन दिल्ली स्थित उनके घर आई थीं और धमकाने का प्रयास किया था। परिजनों का कहना है कि इन घटनाओं के बाद से मृतका मानसिक तनाव में थी।

मृतका की बहन ने कहा कि उनकी बहन स्वभाव से खुशमिजाज और जीवन के प्रति सकारात्मक सोच रखने वाली थीं। वह आत्महत्या जैसा कदम कभी नहीं उठा सकती थीं। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि घटनास्थल की वैज्ञानिक तरीके से जांच कराई जाए, सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित किया जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

वहीं कोतवाली प्रभारी कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया आत्महत्या की पुष्टि हुई है। इसी आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और परिजन निष्पक्ष व गहन जांच की मांग कर रहे हैं, ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को सजा मिल सके।

Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ

Related Articles

Back to top button