Hapur : जनपद हापुड़ में धौलाना क्षेत्र में स्थित यूपीएसआईडीसी फेज-1 की एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। घटना में लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान है, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते इसने फैक्ट्री के एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। केमिकल फैक्ट्री होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी, जिससे आसपास की फैक्ट्रियों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अग्निशमन कर्मियों को आग पर काबू पाने में विशेष सावधानी बरतनी पड़ी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय कुमार शर्मा ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही फायर सर्विस की यूनिट तत्काल घटनास्थल पर भेजी गई।
उन्होंने पुष्टि की कि इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर फैक्ट्री को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है। दमकल कर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे रहे। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद राहत की सांस ली।





