Noida Crime: बीटेक छात्र को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में चार आरोपियों को जमानत

Noida Crime: बीटेक छात्र को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में चार आरोपियों को जमानत
नोएडा। नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र स्थित एक निजी हॉस्टल में बीटेक छात्र उदित सोनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में अदालत ने चार आरोपियों को जमानत दे दी है। जमानत पाने वालों में सत्यनारायण पांडेय, सुधांशु उर्फ शेखर, रोहित भाटी और धर्म सिंह सिकरवार शामिल हैं। वहीं आरोपी टोनी उर्फ शुएब अली की जमानत याचिका अदालत ने खारिज कर दी।
अभियोजन के अनुसार झांसी निवासी विजय कुमार सोनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा उदित सोनी ग्रेटर नोएडा स्थित गलगोटिया यूनिवर्सिटी में बीटेक का छात्र था। वह ईजेड स्टे इस्टनहाउस हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। 23 जनवरी 2026 की रात, हॉस्टल पहुंचने पर वार्डन धर्मवीर और प्रबंधन के कुछ सदस्य लेट आने को लेकर पेनल्टी के नाम पर अवैध रूप से पैसे मांगने लगे। बढ़ती कहासुनी और मारपीट के कारण उदित कमरे की बालकनी से कूदकर आत्महत्या कर लिया।
पुलिस ने मामले में हॉस्टल वार्डन धर्मवीर, मैनेजमेंट के सदस्य शेखर, जोंटी, टोनी, रोहित भाटी, सत्यनारायण पांडेय, फईम, हॉस्टल के मालिक गौरव समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद चार आरोपियों को जमानत दी, जबकि एक की याचिका खारिज की।
विशेषज्ञों का कहना है कि छात्र जीवन में मानसिक दबाव और हॉस्टल जैसी जगहों पर उत्पीड़न की घटनाएं गंभीर होती हैं। ऐसे मामलों में जांच और न्याय की प्रक्रिया तेज़ी से होना जरूरी है ताकि न केवल दोषियों को सजा मिले बल्कि अन्य छात्रों के लिए सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।





