उत्तर प्रदेश : नौहझील ब्लॉक प्रमुख पद पर बनी रहेंगी सुमन राजेश चौधरी, याचिका खारिज होने पर समर्थकों में खुशी

Mathura News : नौहझील ब्लॉक प्रमुख पद को लेकर बीते कई वर्षों से चल रही कानूनी लड़ाई का अंत हो गया है। जिला सत्र न्यायालय ने ब्लॉक प्रमुख चुनाव को चुनौती देने वाली योगेश कुमार की याचिका को खारिज कर दी है। न्यायालय के इस फैसले के बाद वर्तमान ब्लॉक प्रमुख सुमन राजेश चौधरी के पद पर बने रहने का रास्ता साफ हो गया है। बुधवार शाम करीब पांच बजे निर्णय आते ही समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई और उनके आवास पर मिठाई बांटकर खुशी मनाई गई।
गौरतलब है कि वर्ष 2021 में हुए ब्लॉक प्रमुख चुनाव में सुमन राजेश चौधरी ने योगेश कुमार को पराजित किया था। इसके बाद योगेश कुमार ने चुनाव परिणाम को अदालत में चुनौती देते हुए सत्ता के दुरुपयोग के आरोप लगाए थे। न्यायालय ने सभी साक्ष्यों और दलीलों पर विस्तार से विचार करने के बाद याचिका को निराधार मानते हुए खारिज कर दिया।
फैसले के बाद सुमन राजेश चौधरी ने पूर्व विधायक श्यामसुंदर शर्मा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण के पीछे वही मुख्य षड्यंत्रकारी थे और एक महिला होने के बावजूद उनके सम्मान का ध्यान नहीं रखा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ समर्थकों से अभद्र टिप्पणियां करवाई गईं। सुमन चौधरी ने कहा कि जनता ने पचहरा गांव की प्रधानी से लेकर ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत और विधानसभा चुनाव तक में ऐसे लोगों को नकार कर करारा जवाब दिया है।
उन्होंने यह भी कहा कि विरोधियों ने उनके साथ-साथ न्यायपालिका के विरुद्ध भी आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं, जिस पर उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय ने सख्त रुख अपनाया। सुप्रीम कोर्ट द्वारा शपथ पत्र में की गई टिप्पणियों के लिए माफी मांगने के आदेश को उन्होंने न्याय की जीत बताया।
सुमन राजेश चौधरी ने कहा कि मांट क्षेत्र की स्वच्छ राजनीति को कुछ स्वार्थी नेताओं ने नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन आने वाले समय में क्षेत्र की महिलाएं ऐसे षड्यंत्रों का मुंहतोड़ जवाब देंगी।
इस पूरे मामले में सुमन चौधरी की ओर से अधिवक्ता मनवीर सिंह, शैलेंद्र सिंह और कुंवर पाल ने प्रभावी पैरवी की। निर्णय के बाद समर्थकों ने मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की, वहीं मांट विधायक राजेश चौधरी ने न्यायपालिका और जनता का आभार व्यक्त किया।





