Made in India Drones: 700 स्वदेशी ड्रोन से खास बनेगी ग्रेटर नोएडा की पुष्प प्रदर्शनी

Made in India Drones: 700 स्वदेशी ड्रोन से खास बनेगी ग्रेटर नोएडा की पुष्प प्रदर्शनी
नोएडा। ग्रेटर नोएडा के सिटी पार्क में 26 फरवरी से शुरू होने वाली पुष्प प्रदर्शनी इस बार तकनीक, देशभक्ति और रोशनी के अद्भुत संगम के लिए जानी जाएगी। इस भव्य आयोजन में पहली बार पूरी तरह मेड इन इंडिया ड्रोन के जरिए लाइट और साउंड शो प्रस्तुत किया जाएगा। पुष्प प्रदर्शनी में करीब 700 स्वदेशी ड्रोन एक साथ उड़ान भरकर दीपावली और देशभक्ति की थीम पर शानदार दृश्य रचेंगे, जो दर्शकों के लिए एक यादगार अनुभव होगा।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने ड्रोन शो के लिए एजेंसी चयन प्रक्रिया में स्पष्ट शर्त रखी है कि केवल मेक इन इंडिया ड्रोन का ही उपयोग किया जाएगा। यह निर्णय प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर लिया गया है, जिसका उद्देश्य भारतीय तकनीक और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना है। सीईओ का मानना है कि देश में कई कंपनियां उच्च गुणवत्ता के ड्रोन बना रही हैं और ऐसे आयोजनों में उनका उपयोग करना आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मजबूत कदम है।
ड्रोन शो पर लगभग 42 लाख रुपये का खर्च अनुमानित है। शो में उपयोग होने वाले 700 ड्रोन के अलावा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए एजेंसी को 100 ड्रोन अतिरिक्त रिजर्व रखने होंगे। प्राधिकरण की योजना है कि पुष्प प्रदर्शनी के उद्घाटन के दिन ही इस ड्रोन शो का आयोजन कराया जाए, जिससे पहले दिन ही दर्शकों को आकर्षित किया जा सके। यह पुष्प प्रदर्शनी एक मार्च तक चलेगी और इसी कारण प्राधिकरण एजेंसी का चयन जल्द से जल्द पूरा करना चाहता है।
आयोजन से पहले चयनित एजेंसी को स्थल का सर्वे कर एक डेमो शो भी प्रस्तुत करना होगा, ताकि ड्रोन शो को अंतिम रूप दिया जा सके। यह शो म्यूजिकल लाइट एंड साउंड ड्रोन शो होगा, जिसमें संगीत के साथ आकाश में रोशनी से विभिन्न आकृतियां और दृश्य उकेरे जाएंगे। एजेंसी द्वारा प्रस्तावित थीम में से कुछ थीम का चयन प्राधिकरण के अधिकारी करेंगे। फरवरी के पहले सप्ताह में एजेंसी चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी और इसके बाद संबंधित एजेंसी के साथ बैठक भी आयोजित की जाएगी। शो के लिए जरूरी सभी एनओसी संबंधित विभागों से लेने की जिम्मेदारी भी एजेंसी की ही होगी।
पुष्प प्रदर्शनी में बच्चों के लिए भी विशेष आकर्षण तैयार किए जा रहे हैं। बच्चों को लुभाने के लिए सुपरमैन, आयरनमैन और अन्य लोकप्रिय कार्टून कैरेक्टर फूलों से बनाए जाएंगे, जो प्रदर्शनी के सभी दिनों तक दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बने रहेंगे। इसके साथ ही ऑपरेशन सिंदूर को दर्शाती एक विशेष झांकी भी फूलों से तैयार की जाएगी, जो देशभक्ति की भावना को और मजबूत करेगी।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का यह प्रयास न सिर्फ पुष्प प्रदर्शनी को तकनीक से जोड़ने वाला है, बल्कि स्वदेशी उत्पादों के उपयोग और भारतीय नवाचार को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। 700 मेड इन इंडिया ड्रोन के साथ यह आयोजन ग्रेटर नोएडा की पहचान को और खास बनाने जा रहा है।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ




