उत्तर प्रदेश : बुलंदशहर में भीषण सड़क हादसा, BJP MLC के भतीजे समेत तीन की मौत

Bulandshar News (अवनीश त्यागी) : बुलंदशहर में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार तीन दोस्तों की मौत हो गई। मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और चार से पांच बार पलटी खाते हुए दूसरी लेन में जा पहुंची, जहां सामने से आ रहे ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
-
Greater Noida food poisoning, Mahashivratri kuttu atta20 seconds ago
-
Alwar factory fire, Rajasthan factory fire news,36 seconds ago
हादसे में मेरठ के भाजपा एमएलसी अश्वनी त्यागी के भतीजे अंकित त्यागी, उनके दोस्त डॉ. आशुतोष पूनिया और महेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए, छत पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चारों ओर से वाहन पिचक गया। एयरबैग खुलने के बावजूद किसी की जान नहीं बच सकी।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे तीनों शवों को बाहर निकाला। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि उसका चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार अंकित त्यागी अपने दोस्तों के साथ बुलंदशहर में पोल्ट्री फर्म के लिए जमीन देखने आए थे। काम निपटाने के बाद तीनों रात करीब 11 बजे मेरठ लौट रहे थे। जैसे ही कार गुलावठी क्षेत्र के चिड़ावक कट के पास पहुंची, अचानक संतुलन बिगड़ गया और हादसा हो गया।
परिजनों ने बताया कि अंकित त्यागी के पिता संजय त्यागी भाजपा किसान मोर्चा में उपाध्यक्ष हैं। अंकित द्रोण स्कूल और द्रोण अस्पताल का संचालन करते थे और वे अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। डॉ. आशुतोष पूनिया द्रोण अस्पताल में चिकित्सक थे, जबकि महेश कुमार अंकित के पीएसओ थे। तीनों की शादी हो चुकी थी।
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ओवरस्पीड सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है।





