Chandrashekhar Azad: नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद को रोकने में नाकाम रही गाजियाबाद पुलिस, मेरठ सीमा पर जाकर रोका गया

Chandrashekhar Azad: नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद को रोकने में नाकाम रही गाजियाबाद पुलिस, मेरठ सीमा पर जाकर रोका गया

मेरठ में दलित महिला की हत्या के बाद पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद को रोकना गाजियाबाद पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया। शनिवार दोपहर जब चंद्रशेखर आजाद दिल्ली से मेरठ के लिए रवाना हुए, तो गाजियाबाद पुलिस को इसकी सूचना मिलते ही डीएमई और एनएच-9 पर भारी पुलिस बल तैनात कर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी गई। पुलिस का मकसद सांसद के काफिले को मेरठ पहुंचने से पहले ही रोकना था।

करीब तीन बजे के आसपास चंद्रशेखर आजाद का काफिला यूपी गेट के पास जाम में फंस गया। इसके बाद उन्होंने कार से उतरकर पैदल ही आगे बढ़ने का फैसला किया। यूपी गेट पर पुलिस अधिकारियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिस पर सांसद और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। इसी दौरान चंद्रशेखर आजाद पुलिस को चकमा देकर वहां से निकल गए और डीएमई पर दौड़ लगाते नजर आए। काफी दूरी तक वह दौड़ते रहे, उनके साथ सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी और समर्थक भी दौड़ते दिखाई दिए, लेकिन पुलिस उन्हें रोकने में सफल नहीं हो सकी।

आगे जाकर स्थानीय लोगों की मदद से एक बाइक रोकी गई, जिस पर बैठकर चंद्रशेखर आजाद वहां से निकल गए। इसके बाद वह मसूरी थाना क्षेत्र के डासना स्थित आईएमएस के पास पहुंचे, जहां पहले से ही उनके समर्थक मौजूद थे। यहां से गाड़ियों में बैठकर मेरठ जाने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस ने एक बार फिर उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान भी पुलिस और सांसद के बीच तीखी बहस हुई। इसके बावजूद चंद्रशेखर आजाद ने पुलिस को चकमा दिया और टोल प्लाजा के पास गाड़ियां खड़ी कर पैदल ही टोल पार कर गए। टोल के आगे दूसरी गाड़ियों में बैठकर वह मेरठ की ओर रवाना हो गए।

लगातार नाकामी के बाद गाजियाबाद पुलिस के हाथ-पैर फूल गए और अंततः मेरठ पुलिस से संपर्क किया गया। योजना के तहत मेरठ की सीमा पर सांसद को रोका गया। वहां धारा 163 का हवाला देते हुए उन्हें आगे जाने से रोक दिया गया और वापस लौटने को कहा गया। इस दौरान गाजियाबाद पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद रहे। काफी देर तक चली नोकझोंक के बाद चंद्रशेखर आजाद को लौटना पड़ा। इस पूरे घटनाक्रम ने पुलिस की तैयारियों और प्रशासनिक व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जबकि मामला राजनीतिक रूप से भी तूल पकड़ता नजर आ रहा है।

 

Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img