Noida Encounter: नए साल पर नोएडा में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, पैर में गोली लगने से घायल बदमाश गिरफ्तार

Noida Encounter: नए साल पर नोएडा में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, पैर में गोली लगने से घायल बदमाश गिरफ्तार
नए साल की शुरुआत नोएडा में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ से हुई, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते एक शातिर बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार बदमाश चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।
नववर्ष के मौके पर संभावित आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान कुलेसरा से लखनावली की ओर जाने वाले पुस्ता रोड के पास एक बाइक सवार युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया तो वह बाइक लेकर तेजी से भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें चली गोली बदमाश के पैर में जा लगी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे काबू में ले लिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान किसी पुलिसकर्मी को चोट नहीं आई है।
पकड़े गए बदमाश की पहचान शाहजहांपुर जिले के रोजा थाना क्षेत्र के जपनापुर गांव निवासी इमरान के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इमरान एक सक्रिय आपराधिक गिरोह से जुड़ा हुआ है, जो पहले रेकी कर खाली घरों को निशाना बनाता था। नए साल के मौके पर जब लोग जश्न मनाने घरों से बाहर निकलते हैं, उसी का फायदा उठाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने की योजना बनाई गई थी।
पुलिस ने बदमाश के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, लूटा हुआ मोबाइल फोन, लोहे की छेनीनुमा रॉड और फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इमरान पर आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इमरान के गिरोह के अन्य सदस्य फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि नए साल के दौरान अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चेकिंग और गश्त को और तेज किया जाएगा, ताकि किसी भी आपराधिक साजिश को समय रहते नाकाम किया जा सके।





