Noida Expressway: कोहरे का कहर, एक्सप्रेसवे पर रफ्तार हुई कम, नियम तोड़ने वालों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ी

Noida Expressway: कोहरे का कहर, एक्सप्रेसवे पर रफ्तार हुई कम, नियम तोड़ने वालों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ी

नोएडा। घने कोहरे और घटती दृश्यता को देखते हुए नोएडा और आसपास के प्रमुख एक्सप्रेसवे पर वाहनों की गति सीमा कम कर दी गई है। यमुना एक्सप्रेसवे, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और एमपी टू एलिवेटेड रोड पर 15 दिसंबर से नई गति सीमा लागू होने के बाद यातायात नियम तोड़ने वालों की संख्या में करीब 50 प्रतिशत का इजाफा देखने को मिला है। पुलिस और प्राधिकरण की सख्ती के बावजूद बड़ी संख्या में वाहन चालक तय सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाते पाए जा रहे हैं।

यातायात पुलिस के अनुसार गति सीमा में कटौती के बाद सिर्फ तीन दिनों के भीतर करीब 1800 वाहन चालक तेज रफ्तार के कारण कैमरों की जद में आ गए और उनके चालान किए गए। जबकि इससे पहले के तीन दिनों में यह संख्या करीब 900 के आसपास थी। इससे साफ है कि नई व्यवस्था के बावजूद वाहन चालक सतर्कता नहीं बरत रहे हैं। कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है, इसी वजह से प्रशासन को यह कदम उठाना पड़ा है।

नोएडा-ग्रेटर नोएडा के मुख्य मार्गों पर यह व्यवस्था 15 दिसंबर से लागू की गई है, जो अगले साल 15 फरवरी तक प्रभावी रहेगी। नई गति सीमा के अनुसार एक्सप्रेसवे और एलिवेटेड रोड पर लगे स्पीड कैमरों को भी री-फिक्स कर दिया गया है, ताकि नियम तोड़ने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। इसके साथ ही नोएडा प्राधिकरण की ओर से अलग-अलग स्थानों पर सूचना बोर्ड लगाए गए हैं, जिससे वाहन चालकों को कम गति सीमा की जानकारी मिल सके।

बीते कुछ दिनों में यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क हादसों के बाद यातायात पुलिस और ज्यादा सतर्क हो गई है। व्यावसायिक वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाए जा रहे हैं, ताकि कोहरे में वे दूर से ही नजर आ सकें। इसके अलावा जगह-जगह वाहन चालकों को जागरूक किया जा रहा है कि वे तय गति सीमा का पालन करें और सुरक्षित ड्राइविंग करें।

डीसीपी यातायात डॉ. प्रवीन रंजन ने बताया कि समाचार पत्रों, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स और सड़क किनारे लगे बोर्ड के माध्यम से लगातार वाहन चालकों को नई गति सीमा की जानकारी दी जा रही है। इसके बावजूद कई चालक नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, जिसके चलते उनके चालान किए जा रहे हैं। उन्होंने अपील की है कि वाहन चालक कोहरे में विशेष सावधानी बरतें और निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।

यातायात पुलिस का कहना है कि कोहरे में तेज रफ्तार से वाहन चलाना जानलेवा साबित हो सकता है। सड़क हादसों को रोकने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ही एक्सप्रेसवे और एलिवेटेड रोड पर वाहनों की गति सीमा घटाई गई है। नियमों का पालन कर ही सुरक्षित और सुगम यात्रा संभव है।

भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img