Noida Truck Loot: डीएनडी के पास ट्रक लूट की सनसनीखेज वारदात, चालक-हेल्पर को सड़क पर फेंक कर सामान समेत फरार हुए आरोपी

Noida Truck Loot: डीएनडी के पास ट्रक लूट की सनसनीखेज वारदात, चालक-हेल्पर को सड़क पर फेंक कर सामान समेत फरार हुए आरोपी

नोएडा। फेज-1 थाना क्षेत्र में डीएनडी के पास कंपनी के कीमती सामान से भरे ट्रक को लूटने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाशों ने चलते ट्रक को निशाना बनाते हुए चालक और हेल्पर को जबरन बाहर फेंक दिया और ट्रक को सामान समेत लेकर फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने एक परिचित व्यक्ति और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सेक्टर-134 स्थित जेपी कॉसमॉस सोसाइटी में रहने वाली भावना भसीन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पति कमल भसीन का कुछ समय पहले निधन हो गया था। पति द्वारा वर्षों की मेहनत से खड़ी की गई साज-सज्जा का सामान तैयार करने वाली कंपनी अब वह स्वयं संचालित कर रही हैं। पीड़िता का आरोप है कि पति की मौत के बाद कुछ लोग उनकी मजबूरी और कमजोर स्थिति का फायदा उठाकर कंपनी को बंद कराने की साजिश कर रहे हैं और लगातार दबाव बना रहे हैं।

भावना भसीन के अनुसार 11 दिसंबर की रात उनकी कंपनी का साज-सज्जा का सामान लेकर एक ट्रक दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। जब ट्रक डीएनडी के पास पहुंचा, तभी महफूज खान और उसके साथियों ने जबरन ट्रक को रुकवाया और उसमें चढ़ गए। आरोप है कि बदमाशों ने ट्रक चालक और हेल्पर को धमकाया, डराया और फिर दोनों को सड़क किनारे फेंक दिया। इसके बाद आरोपी ट्रक को सामान समेत लेकर मौके से फरार हो गए।

पीड़िता का कहना है कि वारदात के बाद आरोपियों ने उन्हें फोन कर झूठी जानकारी दी कि बैंकों का कर्ज बकाया होने के कारण ट्रक को जब्त कर लिया गया है। जब उन्होंने कंपनी को ऋण देने वाले बैंकों से संपर्क कर स्थिति की जानकारी ली, तो बैंकों ने किसी भी तरह की जब्ती से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता को एहसास हुआ कि यह पूरी घटना अवैध वसूली और ब्लैकमेलिंग की नीयत से की गई है।

भावना भसीन का आरोप है कि आरोपी सुनियोजित साजिश के तहत इस वारदात को अंजाम दे रहे हैं और लगातार उन्हें फोन कर धमकियां भी दी जा रही हैं। उन्होंने अपनी और कंपनी की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है।

वहीं पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में दोनों पक्ष एक-दूसरे को पहले से जानते हैं। पुलिस के अनुसार मामला लूट का कम और आपसी लेनदेन से जुड़ा अधिक प्रतीत हो रहा है। हालांकि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img