Indian Air Force Marathon 2025: दिल्ली में आयोजित पहली ‘सेखों इंडियन एयर फोर्स मैराथन’ में उमड़ा उत्साह 12 हजार धावकों ने लिया भाग, लॉन्च हुआ नेटफ्लिक्स सीरीज ‘सफेद सागर’ का टीजर

Indian Air Force Marathon 2025: दिल्ली में आयोजित पहली ‘सेखों इंडियन एयर फोर्स मैराथन’ में उमड़ा उत्साह
12 हजार धावकों ने लिया भाग, लॉन्च हुआ नेटफ्लिक्स सीरीज ‘सफेद सागर’ का टीजर

नई दिल्ली, 2 नवम्बर — परमवीर चक्र विजेता फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों की वीरता और बलिदान की स्मृति में पहली बार ‘सेखों इंडियन एयर फोर्स मैराथन’ का भव्य आयोजन राजधानी दिल्ली में किया गया। इस आयोजन में 21 किमी, 10 किमी और 5 किमी कैटेगरी की दौड़ों में सभी आयु वर्ग के 12,000 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। देशभर के नागरिकों, एयर वॉरियर्स, महिलाओं और बच्चों ने पूरे जोश और देशभक्ति के साथ दौड़ में भाग लिया।
इस अवसर पर भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने स्वयं 21 किमी की दौड़ में हिस्सा लेकर सभी प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया। एयरफोर्स अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली के अलावा देशभर के 46 एयर फोर्स स्टेशनों से 45,000 से अधिक प्रतिभागियों ने भी एक साथ तीन श्रेणियों में भाग लिया, जिससे यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर एकता और फिटनेस का प्रतीक बन गया।
मैराथन में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी, रक्षा सेवाओं के अधिकारी और कई विशिष्ट अतिथि शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान माहौल तब और खास हो गया जब बॉलीवुड सितारे हुमा कुरैशी, शेफाली शाह, अर्चना पूरन सिंह और सुनील ग्रोवर भी प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने पहुंचे।
इसी आयोजन के दौरान नेटफ्लिक्स की बहुप्रतीक्षित सीरीज ‘सफेद सागर’ का टीजर भी लॉन्च किया गया। यह सीरीज कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायुसेना की वीरता, साहस और त्याग की सच्ची घटनाओं पर आधारित है। इस मौके पर देश की शौर्यगाथा और फिट इंडिया मूवमेंट दोनों की भावना एक साथ देखने को मिली।
एयर फोर्स प्रवक्ता ने कहा कि यह मैराथन न केवल शारीरिक फिटनेस का प्रतीक है, बल्कि फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों के अदम्य साहस और देशभक्ति को सम्मान देने का भी प्रयास है, जिन्होंने 1971 के युद्ध में देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img