उत्तर प्रदेश : निःशुल्क चिकित्सा शिविर में उमड़ी भीड़, सैकड़ों ग्रामीणों ने लिया स्वास्थ्य परामर्श

Mathura News : धर्मनगरी गोवर्धन के समीपवर्ती ग्राम जतीपुरा में रविवार को आयोजित विशाल निःशुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर में क्षेत्रीय ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जतीपुरा स्थित केसरिया मण्डान में आयोजित इस शिविर की शुरुआत ‘श्री गिर्राज धरण की जय’ के जयघोष के साथ हुई। सुबह करीब 10 बजे से ही मरीजों का आना शुरू हो गया था और दोपहर तक लगातार लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं। सैकड़ों ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श प्राप्त किया।

शिविर की खास बात यह रही कि एक ही स्थान पर कई गंभीर बीमारियों के विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। मरीजों के परामर्श से पहले उनकी आवश्यक स्वास्थ्य जांच की पूरी व्यवस्था की गई थी। स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने मरीजों का ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, ऑक्सीजन लेवल और ईसीजी की जांच पूरी तरह निःशुल्क की। स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव के नजदीक ही विशेषज्ञ डॉक्टरों और आधुनिक जांच सुविधाओं का मिलना उनके लिए बेहद लाभकारी साबित हुआ है।

शिविर में हृदय रोग, हड्डी एवं जोड़ रोग, सर्जरी और सामान्य रोग विभाग के विशेषज्ञों ने अपनी सेवाएं दीं। हृदय रोग विभाग में सीने में दर्द, धड़कन की अनियमितता और हाई ब्लड प्रेशर से पीड़ित मरीजों की अधिक संख्या देखने को मिली। विशेषज्ञों ने मरीजों को खानपान और जीवनशैली में सुधार के साथ-साथ एंजियोप्लास्टी और बायपास सर्जरी से संबंधित आवश्यक जानकारी भी दी। हड्डी एवं जोड़ रोग विभाग में घुटने और कूल्हे के दर्द से परेशान लोगों को आधुनिक रोबोटिक जॉइंट रिप्लेसमेंट तकनीक के बारे में बताया गया। सर्जरी विभाग में पथरी, हर्निया और अपेंडिक्स जैसी समस्याओं के उपचार के लिए लेप्रोस्कोपी और लेजर तकनीक से होने वाले आधुनिक ऑपरेशन की जानकारी दी गई। वहीं सामान्य रोग विभाग में बुखार, खांसी, थायराइड और मलेरिया जैसी मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों का उपचार किया गया।

शिविर के आयोजक प्रेम शर्मा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक तंगी और जानकारी के अभाव में लोग अक्सर गंभीर बीमारियों का समय पर इलाज नहीं करा पाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए इस निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया ताकि ग्रामीणों को समय रहते विशेषज्ञ परामर्श मिल सके। उन्होंने बताया कि दोपहर तक चले इस शिविर में सैकड़ों लोगों ने लाभ उठाया। आयोजकों ने लोगों से पुरानी मेडिकल रिपोर्ट साथ लाने की अपील भी की थी, जिससे डॉक्टरों को मरीजों की स्थिति समझने और सही परामर्श देने में सुविधा मिली।

शिविर के सफल आयोजन पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने आयोजकों की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img