Noida Temple Theft: सिक्का कार्मिक ग्रीन सोसाइटी के मंदिर में चोरी, चोर धार्मिक सामग्री लेकर फरार, CCTV में कैद हुई वारदात
Noida Temple Theft: सिक्का कार्मिक ग्रीन सोसाइटी के मंदिर में चोरी, चोर धार्मिक सामग्री लेकर फरार, CCTV में कैद हुई वारदात
नोएडा। सेक्टर-78 स्थित सिक्का कार्मिक ग्रीन सोसाइटी के मंदिर में चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। देर रात अज्ञात चोरों ने हाईराइज सोसाइटी के मंदिर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया और धार्मिक सामग्री लेकर फरार हो गए। पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना थाना सेक्टर-113 क्षेत्र की है। गुरुवार देर रात करीब 2:31 बजे दो संदिग्ध युवक मंदिर परिसर में दाखिल हुए। सीसीटीवी फुटेज में दोनों युवक मंदिर के आसपास घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले मंदिर में रखे दान पात्र को निशाना बनाया और उसे तोड़कर नकदी निकालने की कोशिश की।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि दोनों चोर काफी देर तक दान पात्र को तोड़ने का प्रयास करते रहे। करीब 12 मिनट तक मेहनत करने के बावजूद जब वे दान पात्र को नहीं तोड़ सके तो उन्होंने मंदिर के अंदर प्रवेश कर लिया। इसके बाद उन्होंने मंदिर में रखी अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखी धार्मिक सामग्री चोरी कर ली।
चोर मंदिर से शिवलिंग पर स्थापित तांबे का नागदेव, पूजा की घंटी, बड़ा दीपक, अखंड ज्योत का दीपक, तांबे के लोटे, पीतल के दीपक सहित अन्य पूजा सामग्री लेकर फरार हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मंदिर की खिड़की से कूदकर मौके से निकल गए।
शुक्रवार सुबह जब मंदिर के पुजारी नियमित पूजा के लिए पहुंचे तो उन्होंने मंदिर का दरवाजा खुला देखा। अंदर सामान बिखरा हुआ था और कई धार्मिक वस्तुएं गायब थीं। इसके बाद उन्होंने तुरंत सोसाइटी के पदाधिकारियों और निवासियों को इसकी जानकारी दी।
चोरी की सूचना मिलते ही सोसाइटी के लोग मंदिर परिसर में पहुंच गए। लोगों ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें चोरी की पूरी घटना सामने आई। इसके बाद पुजारी ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश शुरू कर दी है। आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, मंदिर में हुई चोरी की घटना के बाद सोसाइटी के निवासियों में नाराजगी भी देखने को मिली है।
