उत्तर प्रदेशराज्य

EPFO: ग्रेटर नोएडा में 19 जून को नियोक्ताओं और कर्मचारियों को मिलेगी प्रोत्साहन राशि, ईपीएफओ करेगा विशेष कार्यक्रम

EPFO: ग्रेटर नोएडा में 19 जून को नियोक्ताओं और कर्मचारियों को मिलेगी प्रोत्साहन राशि, ईपीएफओ करेगा विशेष कार्यक्रम

नोएडा। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) की ओर से 19 जून को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सभागार में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें नियोक्ताओं और कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। यह कार्यक्रम केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (पीएमवीबीआरवाई) के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य रोजगार सृजन को बढ़ावा देना, नए कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाना तथा औपचारिक रोजगार को प्रोत्साहित करना है।

ईपीएफओ अधिकारियों के अनुसार इस कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न उद्योगों, प्रतिष्ठानों और कंपनियों से जुड़े कर्मचारी एवं नियोक्ता शामिल होंगे। योजना के पात्र लाभार्थियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी और उन्हें सरकार द्वारा चलाई जा रही रोजगार एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-प्रथम वैभव सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस अवसर पर डिजिटल माध्यम से देशभर के लाभार्थियों, कर्मचारियों और नियोक्ताओं को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री का संदेश देश के 200 से अधिक स्थानों पर एक साथ आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से प्रसारित किया जाएगा। इसके जरिए लाभार्थियों को रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी मिलेगी।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना का मुख्य उद्देश्य देश में नए रोजगार अवसरों का सृजन करना और युवाओं को औपचारिक रोजगार व्यवस्था से जोड़ना है। इस योजना के तहत पात्र कर्मचारियों और नियोक्ताओं को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाती है, जिससे उद्योगों को नए कर्मचारियों की भर्ती के लिए प्रोत्साहन मिलता है और कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ प्राप्त होता है।

कार्यक्रम में दादरी विधायक तेजपाल नागर और जेवर विधायक भी शामिल होंगे। दोनों जनप्रतिनिधि शाम चार बजे चयनित कर्मचारियों और नियोक्ताओं को सम्मानित करेंगे। इस दौरान उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, कंपनी प्रबंधकों, कर्मचारियों और विभिन्न संस्थानों से जुड़े लोगों की भी उपस्थिति रहेगी।

वैभव सिंह ने कहा कि ग्रेटर नोएडा वर्तमान में देश के प्रमुख औद्योगिक और कॉर्पोरेट केंद्रों में से एक बन चुका है। यहां बड़ी संख्या में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियां कार्यरत हैं, जिससे रोजगार के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना क्षेत्र के उद्योगों और युवाओं के लिए बेहद लाभकारी साबित हो सकती है।

उन्होंने कहा कि इस योजना से न केवल युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे, बल्कि कंपनियों को भी नए कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। इससे औद्योगिक विकास को गति मिलेगी और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियां भी मजबूत होंगी।

ईपीएफओ अधिकारियों के अनुसार कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, कर्मचारी भविष्य निधि, पेंशन और अन्य श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। इससे कर्मचारियों में जागरूकता बढ़ेगी और अधिक से अधिक लोग संगठित क्षेत्र की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ सकेंगे।

 

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button