Noida International Airport: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर नवी मुंबई से पहली फ्लाइट की लैंडिंग, यात्रियों ने कहा- समय की बचत और सफर हुआ आसान

Noida International Airport: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर नवी मुंबई से पहली फ्लाइट की लैंडिंग, यात्रियों ने कहा- समय की बचत और सफर हुआ आसान
नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर ने मंगलवार को एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की, जब नवी मुंबई से पहली उड़ान सफलतापूर्वक यहां उतरी। इसके साथ ही जेवर एयरपोर्ट से नवी मुंबई के लिए पहली फ्लाइट को भी रवाना किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर ने न केवल विमानन क्षेत्र में एक नया अध्याय जोड़ा, बल्कि यात्रियों को दिल्ली एयरपोर्ट की तुलना में अधिक सुविधाजनक और समय बचाने वाला विकल्प भी उपलब्ध कराया।
नवी मुंबई से आने वाली पहली उड़ान के यात्रियों का एयरपोर्ट पर स्वागत किया गया। यात्रियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का संचालन, सुविधाएं और कनेक्टिविटी काफी प्रभावशाली है। उनका मानना है कि आने वाले समय में यह एयरपोर्ट दिल्ली-एनसीआर के करोड़ों लोगों के लिए यात्रा का प्रमुख केंद्र बन सकता है।
नवी मुंबई से करनाल जा रहे यात्री वीरेंद्र अग्रवाल ने बताया कि इस पहली उड़ान का हिस्सा बनना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने टिकट बुक की थी तो उनका इरादा दिल्ली पहुंचने का था, लेकिन सिस्टम में नोएडा एयरपोर्ट का विकल्प चुन लिया गया। शुरुआत में उन्हें थोड़ा आश्चर्य हुआ, लेकिन यात्रा पूरी होने के बाद उन्हें महसूस हुआ कि यह फैसला उनके लिए फायदेमंद साबित हुआ।
उन्होंने बताया कि दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के बाद बाहर निकलने, सामान प्राप्त करने और शहर के ट्रैफिक से बाहर आने में काफी समय लग जाता था। जबकि जेवर एयरपोर्ट पर पूरी प्रक्रिया अपेक्षाकृत तेज और सुविधाजनक रही। उन्होंने कहा कि पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के माध्यम से वे सीधे करनाल जा सकेंगे, जिससे उन्हें दिल्ली के भारी ट्रैफिक से नहीं गुजरना पड़ेगा और यात्रा का समय भी काफी कम हो जाएगा।
इसी तरह नवी मुंबई से अपने परिवार के साथ आगरा जा रहे जितेंद्र कुमार सिंह ने भी एयरपोर्ट के अनुभव की सराहना की। उन्होंने कहा कि पहले जब भी वे दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरते थे, तब वहां से बाहर निकलने और सड़क मार्ग से गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लग जाता था। कई बार सिर्फ एयरपोर्ट से बाहर निकलने में ही डेढ़ से दो घंटे तक का समय लग जाता था।
जितेंद्र सिंह ने बताया कि अब नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश, आगरा, मथुरा, अलीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट से यमुना एक्सप्रेसवे और अन्य प्रमुख एक्सप्रेसवे सीधे जुड़े हुए हैं, जिससे यात्रा पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान और तेज हो गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन से दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में हवाई यातायात का दबाव कम होगा। साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश के करोड़ों लोगों को अपने नजदीक अंतरराष्ट्रीय स्तर की हवाई सेवा उपलब्ध होगी। एयरपोर्ट की बेहतर सड़क कनेक्टिविटी, आधुनिक सुविधाएं और रणनीतिक स्थिति इसे देश के प्रमुख विमानन केंद्रों में शामिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। नवी मुंबई और जेवर के बीच पहली उड़ान का सफल संचालन इस बात का संकेत है कि आने वाले समय में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश के विभिन्न शहरों को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण हब बन सकता है। यात्रियों द्वारा मिले सकारात्मक फीडबैक ने भी इस एयरपोर्ट की संभावनाओं को और मजबूत कर दिया है।





