UP RERA: यूपी रेरा ने 2,285 करोड़ रुपये के निवेश वाली 14 नई रियल एस्टेट परियोजनाओं को दी मंजूरी, 3,548 आवासीय और व्यावसायिक इकाइयों का होगा विकास

UP RERA: यूपी रेरा ने 2,285 करोड़ रुपये के निवेश वाली 14 नई रियल एस्टेट परियोजनाओं को दी मंजूरी, 3,548 आवासीय और व्यावसायिक इकाइयों का होगा विकास
नोएडा। उत्तर प्रदेश रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (यूपी रेरा) ने राज्यभर में 2,285 करोड़ रुपये के निवेश वाली 14 नई रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की है। इन परियोजनाओं के माध्यम से 3,548 आवासीय और व्यावसायिक इकाइयों का विकास किया जाएगा। यह मंजूरी यूपी रेरा की 204वीं बोर्ड बैठक में दी गई, जिसकी अध्यक्षता अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने की। विशेषज्ञों का मानना है कि इन परियोजनाओं से प्रदेश में रियल एस्टेट क्षेत्र को नई गति मिलेगी और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
स्वीकृत परियोजनाएं उत्तर प्रदेश के सात जिलों में विकसित की जाएंगी। इनमें फ्लैट, विला, दुकानें और स्टूडियो स्पेस जैसी आवासीय एवं व्यावसायिक इकाइयां शामिल हैं। परियोजनाओं के पूरा होने के बाद लोगों को बेहतर आवासीय सुविधाएं मिलेंगी, वहीं व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। लखनऊ को सबसे अधिक परियोजनाओं की मंजूरी मिली है। यहां 711.15 करोड़ रुपये के अनुमानित निवेश वाली सात परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं। इनके माध्यम से 1,270 आवासीय और व्यावसायिक इकाइयों का विकास किया जाएगा। इनमें चार आवासीय और तीन कमर्शियल परियोजनाएं शामिल हैं, जिनमें आधुनिक फ्लैट, विला, दुकानें और स्टूडियो स्पेस विकसित किए जाएंगे।
गौतमबुद्ध नगर परियोजनाओं की संख्या के मामले में दूसरे स्थान पर रहा। जिले में 208.33 करोड़ रुपये के निवेश वाली दो व्यावसायिक परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। इन परियोजनाओं के तहत 695 कमर्शियल इकाइयों का निर्माण किया जाएगा। इनमें दुकानें और स्टूडियो स्पेस शामिल हैं। माना जा रहा है कि इससे नोएडा और ग्रेटर नोएडा में व्यावसायिक गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी।
गाजियाबाद में लगभग 998.23 करोड़ रुपये की लागत वाली एक बड़ी परियोजना को मंजूरी दी गई है। इस परियोजना के तहत 780 आवासीय और व्यावसायिक इकाइयों का विकास किया जाएगा। बेहतर कनेक्टिविटी और तेजी से बढ़ते शहरी विकास के कारण गाजियाबाद निवेशकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
मथुरा में 71.35 करोड़ रुपये की लागत वाली एक परियोजना को मंजूरी मिली है, जिसके तहत 268 आवासीय इकाइयों का निर्माण होगा। वहीं बरेली में 226.63 करोड़ रुपये के निवेश वाली परियोजना के माध्यम से 374 आवासीय इकाइयों का विकास किया जाएगा। वाराणसी में 9.74 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजना में 17 आवासीय इकाइयों का निर्माण होगा, जबकि बाराबंकी में 60.25 करोड़ रुपये की आवासीय परियोजना के तहत 144 इकाइयों का विकास किया जाएगा।
यूपी रेरा का मानना है कि इन नई परियोजनाओं से प्रदेश में संगठित और पारदर्शी रियल एस्टेट विकास को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही आवासीय और व्यावसायिक बुनियादी ढांचे में सुधार होने से आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी और हजारों लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।





