दिल्ली

India Guinness record:  भारत के युवाओं ने रचा इतिहास, ऑनलाइन क्विज में बना विश्व रिकॉर्ड, 3.9 लाख से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी को मिली गिनीज मान्यता

India Guinness record:  भारत के युवाओं ने रचा इतिहास,ऑनलाइन क्विज में बना विश्व रिकॉर्ड, 3.9 लाख से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी को मिली गिनीज मान्यता

नई दिल्ली, 4 जून: भारत के युवाओं ने डिजिटल सहभागिता के क्षेत्र में एक नया इतिहास रच दिया है। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत संचालित ‘मेरा युवा भारत’ (Mera Yuva Bharat) को एक सप्ताह के भीतर सबसे अधिक लोगों की ऑनलाइन क्विज भागीदारी के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स से सम्मानित किया गया है। आधिकारिक मूल्यांकन अवधि के दौरान कुल 3,90,812 प्रतिभागियों ने सफलतापूर्वक इस ऑनलाइन क्विज को पूरा किया, जिसके आधार पर यह विश्व रिकॉर्ड स्थापित हुआ। नई दिल्ली स्थित श्रम शक्ति भवन में आयोजित विशेष समारोह में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के निर्णायक ऋषिनाथ ने केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया को यह प्रतिष्ठित प्रमाणपत्र प्रदान किया। इस अवसर पर राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे, युवा कार्य विभाग की सचिव डॉ. पल्लवी जैन गोविल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे। यह रिकॉर्ड ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग क्विज’ के तहत हासिल किया गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को भारत के 2047 के विकसित भारत विजन से जोड़ना और उन्हें राष्ट्रीय विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है। ‘माय भारत’ पोर्टल के माध्यम से आयोजित इस अभियान में देश के 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों से 50.42 लाख से अधिक युवाओं ने भाग लिया, जो इस पहल की व्यापक पहुंच को दर्शाता है। डॉ. मनसुख मांडविया ने इस उपलब्धि पर कहा कि यह सम्मान भारत के उन युवाओं को समर्पित है, जिन्होंने विकसित भारत के संकल्प में विश्वास जताया है और उसे आगे बढ़ाने में सक्रिय भागीदारी निभाई है। उन्होंने यह भी बताया कि ‘माय भारत’ पोर्टल पर अब तक 2.19 करोड़ से अधिक युवाओं का पंजीकरण हो चुका है, जो इसकी बढ़ती लोकप्रियता और प्रभाव को दर्शाता है। युवा कार्य विभाग की सचिव डॉ. पल्लवी जैन गोविल ने कहा कि ‘माय भारत’ अब युवाओं की सार्थक, रचनात्मक और स्वैच्छिक भागीदारी का एक मजबूत मंच बन चुका है। यह उपलब्धि भारत में डिजिटल माध्यम से जनभागीदारी बढ़ाने और युवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। —

 

 

Related Articles

Back to top button