दिल्ली

India film controversy: फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ के ट्रेलर पर विवाद, नर्सिंग समुदाय ने जताई आपत्ति, मंत्रालय से हस्तक्षेप की मांग

India film controversy: फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ के ट्रेलर पर विवाद, नर्सिंग समुदाय ने जताई आपत्ति, मंत्रालय से हस्तक्षेप की मांग

नई दिल्ली, 4 जून: फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ के ट्रेलर को लेकर नर्सिंग समुदाय में गहरा असंतोष देखने को मिला है। अखिल भारतीय सरकारी नर्स महासंघ (AIGNF) ने ट्रेलर में नर्सों और नर्सिंग पेशे को कथित रूप से अपमानजनक और आपत्तिजनक तरीके से दिखाए जाने पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। महासंघ ने इस मामले में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को पत्र लिखकर फिल्म की रिलीज से पहले नर्सिंग प्रतिनिधियों के लिए विशेष स्क्रीनिंग आयोजित करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने ट्रेलर और फिल्म से उन दृश्यों एवं संवादों को हटाने की अपील की है, जिन्हें वे नर्सिंग समुदाय की भावनाओं को आहत करने वाला मानते हैं। महासंघ की महासचिव अनीता पंवार और अध्यक्ष रिंकी डांग ने कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं बल्कि एक सम्मानित और उच्च प्रशिक्षित सेवा क्षेत्र है, जो स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ है। उनके अनुसार, ट्रेलर में इस्तेमाल की गई भाषा और कुछ दृश्य लाखों नर्सों और उनके परिवारों की भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं और समाज में इस पेशे की गलत छवि प्रस्तुत कर सकते हैं। AIGNF ने यह भी मांग की है कि सेंसर बोर्ड को इस तरह के मामलों में सख्त दिशा-निर्देश जारी किए जाएं ताकि किसी भी सम्मानित पेशे को अपमानजनक रूप में प्रस्तुत करने से रोका जा सके। महासंघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो नर्सिंग समुदाय अपने सम्मान की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक और कानूनी कदम उठाने पर मजबूर होगा।

Related Articles

Back to top button