उत्तर प्रदेशराज्य

Noida:  एचआर अधिकारी पर ठेकेदारों से लाखों रुपये की अवैध वसूली का आरोप, कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज

Noida:  एचआर अधिकारी पर ठेकेदारों से लाखों रुपये की अवैध वसूली का आरोप, कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज

 

नोएडा। ऑटो कंपोनेंट निर्माण क्षेत्र की एक निजी कंपनी के पूर्व वरिष्ठ एचआर अधिकारी पर ठेकेदारों से कथित रूप से लाखों रुपये की अवैध वसूली और धोखाधड़ी करने का गंभीर आरोप लगा है। मामले में अदालत के आदेश पर सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि अधिकारी ने अपने पद और अधिकारों का दुरुपयोग करते हुए सेवा प्रदाता कंपनियों से अनुबंध समाप्त करने की धमकी देकर धनराशि वसूली।

 

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार उद्यम विहार, इकोटेक-2 स्थित ग्लोबल ऑटोटेक लिमिटेड के सहायक प्रबंधक (एचआर एवं एडमिन) सुनील कुमार यादव ने आरोप लगाया है कि संजय बारिक ने मार्च 2020 में कंपनी में मैनेजर (एचआर एवं एडमिन) के पद पर कार्यभार ग्रहण किया था। बाद में उन्हें वरिष्ठ प्रबंधक (कम्पेन्सेशन एंड बेनिफिट्स) के पद पर पदोन्नत किया गया। कंपनी के अनुसार संजय बारिक को वेंडर प्रबंधन, पेरोल संचालन, मैनपावर बिलिंग तथा मानव संसाधन से जुड़े कई संवेदनशील कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इस कारण उन्हें विभिन्न सेवा प्रदाता कंपनियों और ठेकेदारों से संबंधित गोपनीय सूचनाओं तक पहुंच प्राप्त थी। शिकायत में बताया गया है कि 3 मई 2025 को कंपनी को मैनपावर सेवा प्रदाता कंपनी वाईआरएसआर प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक यतेंद्र सिंह की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त हुई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि अप्रैल 2021 से मार्च 2025 के बीच संजय बारिक ने अनुबंध समाप्त करने की धमकी देकर लगभग 9 से 10 लाख रुपये की अवैध वसूली की। आरोप है कि यह भुगतान नकद और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से किया गया। इसके बाद 15 मई 2025 को एंजल एंटरप्राइजेज के अधिकृत प्रतिनिधि विवेक नागर ने भी कंपनी को शिकायत सौंपी। शिकायत में दावा किया गया कि संजय बारिक चालान राशि पर 0.5 प्रतिशत कमीशन की मांग करते थे और भुगतान के लिए दबाव बनाते थे। लगातार शिकायतें मिलने के बाद कंपनी ने मामले की आंतरिक जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी के बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की समीक्षा की गई। कंपनी का दावा है कि बैंक रिकॉर्ड में जुलाई 2023 से मार्च 2025 के बीच यतेंद्र सिंह, वाईआरएसआर प्राइवेट लिमिटेड और एंजल एंटरप्राइजेज से कई किस्तों में धनराशि प्राप्त होने के प्रमाण मिले हैं।

कंपनी का आरोप है कि जांच के दौरान संजय बारिक इन लेनदेन के संबंध में कोई संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद 13 मई 2025 को उन्हें निलंबित कर दिया गया। बाद में 22 मई को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। इसी बीच आरोपी ने कथित रूप से 3 जून 2025 को अपने पद से इस्तीफा भी दे दिया।

सूरजपुर कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध दस्तावेजों, बैंक रिकॉर्ड तथा संबंधित पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आरोपों की पुष्टि और आगे की कार्रवाई के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।

 

Related Articles

Back to top button