Noida Traffic Police: नोएडा में यातायात नियम तोड़ने वालों पर बड़ी कार्रवाई, 6831 वाहनों के कटे ई-चालान
Noida Traffic Police: नोएडा में यातायात नियम तोड़ने वालों पर बड़ी कार्रवाई, 6831 वाहनों के कटे ई-चालान
नोएडा में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए शनिवार को यातायात पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। पूरे जिले में कुल 6831 वाहनों के ई-चालान किए गए, जबकि गंभीर नियम उल्लंघन के मामलों में 31 वाहनों को सीज भी किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान के दौरान यातायात पुलिसकर्मियों ने मौके पर 2577 चालान किए, जबकि आईएसटीएमएस कैमरों की मदद से 4254 वाहनों के चालान जारी किए गए। शहर के प्रमुख चौराहों, एक्सप्रेसवे, बाजार क्षेत्रों और व्यस्त सड़कों पर विशेष निगरानी रखी गई।
कार्रवाई के दौरान सबसे ज्यादा चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के किए गए। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने पर 2332 लोगों के चालान काटे गए। इसके अलावा तेज रफ्तार में वाहन चलाने वाले 502 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। मोबाइल फोन पर बात करते हुए गाड़ी चलाने वाले 44 वाहन चालक भी पुलिस की कार्रवाई की जद में आए।
विशेष अभियान के तहत वाहनों में काली फिल्म और गलत नंबर प्लेट लगाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस ने काली फिल्म लगी 103 गाड़ियों और गलत नंबर प्लेट वाले 371 वाहनों के चालान किए। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के नियम उल्लंघन से अपराध की घटनाओं को बढ़ावा मिलता है और पहचान में भी दिक्कत आती है।
यातायात पुलिस नोएडा ने अभियान के दौरान विभिन्न कंपनियों और संस्थानों में जाकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। इसी क्रम में TCS के कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क हादसों को कम करने और लोगों में ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे। यातायात विभाग ने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने की अपील की है।



