Mobile Snatching: नोएडा में मोबाइल झपटमार गिरफ्तार, 18 चोरी के फोन और बाइक बरामद

Mobile Snatching: नोएडा में मोबाइल झपटमार गिरफ्तार, 18 चोरी के फोन और बाइक बरामद

नोएडा के सेक्टर-24 थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राहगीरों से मोबाइल फोन छीनने वाले एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अपने साथी के साथ चोरी की बाइक पर सवार होकर शहर के अलग-अलग इलाकों में झपटमारी की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस ने उसके कब्जे से 18 चोरी के मोबाइल फोन, एक चोरी की बाइक और चाकू बरामद किया है। हालांकि कार्रवाई के दौरान उसका साथी मौके से फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुक्रवार देर रात सेक्टर-24 थाना पुलिस क्षेत्र में गश्त और चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध युवक बाइक पर सवार होकर सेक्टर-33 स्थित गरिमा विहार सोसाइटी के सामने नाले के पुल के पास आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर सघन चेकिंग शुरू कर दी।

कुछ देर बाद आरटीओ ऑफिस की ओर से एक बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों युवक बाइक मोड़कर तेजी से भागने लगे। पीछा करने पर बाइक के पीछे बैठा आरोपी झाड़ियों की ओर भाग निकला, जबकि बाइक चला रहे युवक को पुलिस ने घेरकर पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी बाइक के कागजात नहीं दिखा सका। जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने स्वीकार किया कि वह अपने साथी के साथ मिलकर राह चलते लोगों से मोबाइल फोन झपटने का काम करता है। तलाशी के दौरान उसके बैग से 18 मोबाइल फोन बरामद हुए, जिन्हें अलग-अलग स्थानों से छीना गया था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान लोकेंद्र उर्फ लक्की के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के ललपुरा गांव का रहने वाला है और फिलहाल नोएडा के सेक्टर-73 स्थित सर्फाबाद गांव में किराए पर रह रहा था। आरोपी ने अपने फरार साथी का नाम आकाश बताया, जो मामूरा इलाके का निवासी है।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों के पास से बरामद बाइक दिल्ली निवासी भरतलाल की है, जिसकी चोरी का मामला दिल्ली के आरकेपुरम पुलिस थाना में दर्ज है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे एनसीआर के विभिन्न इलाकों में अब तक करीब 100 मोबाइल फोन झपट चुके हैं।

पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और बरामद मोबाइल फोन के असली मालिकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही गिरोह से जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा किया जाएगा।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img