यूट्यूबर मशहूर होने के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ा, 5 घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा

अमर सैनी

नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रविवार रात एक यूट्यूबर ने मशहूर होने के लिए मौत का रास्ता चुन लिया। यूट्यूबर इलाके के एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। इस बीच लाइव वीडियो बना रहे उसके साथी लोगों को आता देख वहां से भाग गए। जबकि यूट्यूबर ऊपर टावर में फंस गया। सूचना पर थाना बिसरख पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने करीब 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद यूट्यूबर को सकुशल नीचे उतारा। यूट्यूबर का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वह घटना के बारे में बताता दिख रहा है।

पुलिस के मुताबिक 22 वर्षीय नीलेश्वर पांडेय यूट्यूबर है। उसके यूट्यूब चैनल पर 8.87 हजार सब्सक्राइबर हैं। अपने मोबाइल के व्यूज बढ़ाने के लिए नीलेश्वर अपने एक साथी के साथ ग्रेटर नोएडा वेस्ट के तिगड़ी गांव पहुंचा और मोबाइल टावर पर चढ़ गया। नीचे उसका दोस्त पूरी घटना का वीडियो बनाकर लाइव स्ट्रीमिंग कर रहा था। अचानक कुछ लोग वहां पहुंचे और पूछताछ शुरू कर दी। इससे घबराकर उसका साथी भाग गया और नीलेश्वर टावर पर ही फंस गया। नीलेश्वर को टावर में फंसा देख वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई और बिसरख थाने को भी सूचना दी गई। 5 घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस नीलेश्वर को नीचे उतारने में सफल रही। नीलेश्वर का कहना है कि वह बेरोजगार था। जिसके चलते वह डिप्रेशन में आ गया और उसे लगने लगा कि वह जीवन में कुछ नहीं कर पाएगा। इससे परेशान होकर वह एयरटेल टावर पर चढ़ गया। बिसरख थाना प्रभारी ने बताया कि युवक डिप्रेशन के चलते टावर पर चढ़ा था। पुलिस मौके पर पहुंची और उसे समझा-बुझाकर टावर से नीचे उतारा। युवक ने भी अपनी गलती स्वीकार की है। युवक को घर भेज दिया गया है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img