उत्तर प्रदेश : फैक्ट्री से लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, अज्ञात वाहन चालक फरार

Hapur News : हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब युवक फैक्ट्री से काम खत्म कर बाइक से अपने घर लौट रहा था। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मुकीमपुर भोजपुर निवासी प्रशांत के रूप में हुई है, जो हापुड़ की एक फैक्ट्री में कार्यरत था। देर रात ड्यूटी पूरी करने के बाद वह बाइक से घर के लिए निकला था। पिलखुवा क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर अनवरपुर कट के पास एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रशांत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन दुर्घटना करने वाले वाहन के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है। कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान ने बताया कि आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।





