उत्तर प्रदेशराज्यराज्य

उत्तर प्रदेश : हापुड़ में टायर जलाकर तेल निकालने वाली फैक्ट्री को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, की शिकायत

Hapur News : सिंभावली ब्लॉक क्षेत्र के पीरनगर गांव के पास संचालित एक टायर जलाकर तेल निकालने वाली फैक्ट्री को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का हवाला देते हुए जिलाधिकारी को संबोधित एक शिकायती पत्र अपर जिलाधिकारी (एडीएम) को सौंपा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्ट्री से निकलने वाले धुएं और प्रदूषण के कारण आसपास के लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इससे सांस और अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने प्रदूषण फैला रही इस फैक्ट्री को तत्काल बंद कराने की मांग की है।

ग्राम प्रधान संदीप उर्फ पिंटू गुर्जर ने बताया कि यह फैक्ट्री गांव के खसरा नंबर 66 में 2.740 हेक्टेयर भूमि पर संचालित है। यहां टायरों को जलाकर उनसे तेल निकालने का काम किया जाता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि फैक्ट्री संचालकों ने प्रदूषण विभाग से कोई अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) नहीं लिया है और धारा 80 के तहत आवश्यक दस्तावेज भी पूरे नहीं किए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध रूप से फैक्ट्री का संचालन कर लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

उन्होंने कहा फैक्ट्री के समीप दो बड़े मंदिर भी स्थित हैं, जहां प्रतिदिन श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं, जिससे धार्मिक आस्था भी प्रभावित हो रही है। इस दौरान नानक, आकाश, शौकत, आजाद, सोनू, विजय, कल्लू, राजीव, रतनवीर, मनोज, प्रेमराज सिंह, लोकेश, भूपेंद्र, प्रवीण और धर्मपाल सहित कई ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपते हुए फैक्ट्री को बंद कराने की मांग की।

इस संबंध में शनिवार को एडीएम संदीप कुमार ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई है। इसके बाद संबंधित एसडीएम और प्रदूषण विभाग के अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर एक जांच टीम भेजी जाएगी। बिना दस्तावेजों की पूरी जांच किए और ग्रामीणों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
top online casinos in Canada best online casino Canada 2026 top rated online casinos Canada online casinos ranked Canada 2026 top 10 casino sites Canadian players