उत्तर प्रदेश : हापुड़ में हाईवे पर कार की छत पर बैठकर सफर करते युवकों का वीडियो वायरल, जांच शुरू

Hapur News : जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर हाईवे पर उस समय हैरान करने वाला नजारा देखने को मिला जब एक कार की छत पर बैठकर युवक सफर करते नजर आए। इस खतरनाक करतब का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दिल्ली की ओर से ब्रजघाट की तरफ जाते समय कुछ युवक तेज रफ्तार कार की छत पर बैठे दिखाई दे रहे हैं और अपनी जान जोखिम में डालते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि गढ़मुक्तेश्वर से ब्रजघाट की ओर जा रही इस कार में बैठे युवक चलती गाड़ी की छत पर बैठकर यात्रा कर रहे थे, जो न केवल यातायात नियमों का खुला उल्लंघन है बल्कि किसी भी समय बड़े हादसे को न्योता दे सकता है। जरा सी चूक या अचानक ब्रेक लगने पर गंभीर दुर्घटना हो सकती थी, वहीं हाईवे पर इस तरह की लापरवाही अन्य वाहन चालकों के लिए भी खतरा बन सकती है।
इसके बावजूद युवक बेखौफ होकर सफर करते रहे। स्थानीय लोगों ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके और लोगों की जान सुरक्षित रह सके। मामले को लेकर सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान ले लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है।




