उत्तर प्रदेश : बंद मकान के ताले तोड़कर लाखों की चोरी, नकदी व आभूषण लेकर फरार

Hapur News : हापुड़ में थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव उपैड़ा में बृहस्पतिवार देर रात बंद पड़े मकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। चोर मकान के ताले तोड़कर करीब आठ लाख रुपये की नकदी, लगभग दस लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार गांव उपैड़ा निवासी वेदप्रकाश की बृहस्पतिवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। हालत गंभीर होने पर उनकी पत्नी सीमा और बेटा अरुण उन्हें उपचार के लिए दिल्ली के एक अस्पताल ले गए। घर खाली होने के कारण परिवार ने मकान की चाबी पड़ोसी को सौंप दी थी ताकि वह समय-समय पर घर का ध्यान रख सके।

आरोप है कि शुक्रवार सुबह जब पड़ोसी मकान देखने पहुंचे तो मुख्य दरवाजे के ताले टूटे मिले। अंदर जाकर देखा तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी के लॉकर भी टूटे हुए थे। यह देखकर पड़ोसी ने तुरंत वेदप्रकाश के परिवार और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पीड़ित परिवार वापस घर पहुंच गया।

घटना की जानकारी मिलते ही थाना बाबूगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में फारेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए। पीड़ित परिवार के मुताबिक चोर घर में रखे करीब आठ लाख रुपये की नकदी, दस लाख रुपये कीमत के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए हैं।

मामले में पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना बाबूगढ़ प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप चौहान ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और चोरों से जुड़े अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img