उत्तर प्रदेश : ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से साइकिल सवार दस वर्षीय बच्चे की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Hapur News : हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के सत्तावन चौराहा स्थित गांव सिकंदरपुर काकौड़ी के रास्ते पर गुरुवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। एक ट्रैक्टर ट्रॉली ने साइकिल सवार दस वर्षीय बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
गांव सिकंदरपुर काकौड़ी निवासी सुंदर प्रजापति ने बताया कि वह पिछले कुछ समय से अपने परिवार के साथ गाजियाबाद में रह रहे हैं और कैंटर चालक का काम करते हैं। गुरुवार को गांव में उनके परिवार में शादी थी, जिसके चलते वह परिवार के साथ गांव आए हुए थे। सुबह करीब 11 बजे उनका दस वर्षीय पुत्र मन्नू सत्तावन चौराहे के पास गांव के रास्ते पर साइकिल चला रहा था।
इसी दौरान गांव का ही एक व्यक्ति ट्रैक्टर ट्रॉली से गांव नूरपुर स्थित एक फार्म हाउस की ओर जा रहा था। आरोप है कि ट्रैक्टर ट्रॉली चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए मन्नू की साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे को तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुत्र की मौत की खबर सुनते ही परिवार का रो रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर ट्रॉली सहित चालक को हिरासत में ले लिया।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





