उत्तर प्रदेश : हापुड़ में दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन युवक हिरासत में

Hapur News : हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार को दिल्ली पुलिस की टीम ने अधिकारियों के साथ एकसाथ छापामार कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में भी लिया है। इस मामले को लेकर पूरे शहर में दिनभर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
दिल्ली पुलिस ने शहर के मोहल्ला गणेशपुरा, बुलंदशहर रोड और गोल मार्किट में एक साथ छापामार कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने बुलंदशहर रोड पर एक गारमेंट्स शॉप और गोल मार्किट में एक जूते की दुकान पर छापामार कार्रवाई की, जबकि मोहल्ला गणेशपुरा में एक मकान में छापामार कार्रवाई की गई।
पुलिस को देखकर मौके पर जमा लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। बताया गया है कि दिल्ली पुलिस का यह मामला हाईप्रोफाइल है, जिसमें साइबर ठगी और रुपयों के लेनदेन का मामला है। पुलिस ने तीनों ही स्थानों से तीन युवकों को हिरासत में लिया है।
कयास लगाए जा रहे हैं कि टीम के साथ प्रवर्तन निदेशालय की टीम भी साथ थी। दिल्ली पुलिस की टीम तीनों युवकों को हिरासत में लेकर अपने साथ ले गई है। इस मामले में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। मामले की जानकारी मिलने के बाद ही इस पूरे प्रकरण पर कुछ कहा जा सकता है।





